25 जून, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - Jun 25, 2025 4:50 pm

1) ‘काश ऐसा होता’- लीड्स टेस्ट मैच हारने के बाद शुभमन गिल ने क्यों कहा ऐसा
गिल ने मैच के बाद कहा, ”यह शानदार टेस्ट मैच था। हमारे पास मौके थे लेकिन हमने कैच छोड़े और निचले क्रम से भी रन नहीं बने। लेकिन टीम पर गर्व है और कुल मिलाकर अच्छा प्रयास था। कल (सोमवार) हम 430 के करीब रन बनाकर पारी घोषित करने की सोच रहे थे लेकिन निचले क्रम पर रन नहीं बनने से मुश्किल हो गई। उन्होंने कहा, ”हमने निचले क्रम के योगदान पर बात की लेकिन यह इतनी जल्दी (विकेटों का पतन) हो गया। हमें आने वाले मैचों में इसमें सुधार करना होगा।” उन्होंने कैच छूटने पर फील्डर्स का बचाव करते हुए कहा, ”इस तरह की विकेटों पर आसानी से मौके नहीं मिलते। यह युवा टीम है और सीख रही है। उम्मीद है कि इन पहलुओं पर आगे बेहतर प्रदर्शन होगा।”
2) एक तरफ से मोहम्मद, एक तरफ से कृष्णा…लाइव मैच में कप्तान गिल ने ये क्या कह दिया?
शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की की सीरीज के पहले मैच में शानदार प्रदर्शन कर रही है। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट के चार दिनों तक भारत ने मेजबान टीम को कड़ी चुनौती दी। हालांकि, पांचवें दिन मंगलवार को पहले सत्र में भारतीय गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे, जिसका फायदा इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने उठाया। प्रसिद्ध कृष्णा ने जब डकेट को बीट किया, तो स्टंप माइक में गिल का मजेदार कमेंट कैद हुआ, जिसमें उन्होंने कहा, “एक तरफ मोहम्मद है, एक तरफ कृष्णा, दोनों तबाही मचा रहे हैं।” हालांकि, स्पिनर रविंद्र जडेजा को पिच से कोई खास मदद नहीं मिली।
3) बेन डकेट ने लगाई भारतीय गेंदबाजों की क्लास, ऐसा करने वाले बने दूसरे इंग्लिश ओपनर
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने भारत के खिलाफ टेस्ट मैच की चौथी पारी में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक के बाद टेस्ट की चौथी पारी में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। कुक ने 2010 में यह उपलब्धि हासिल की थी। डकेट की इस पारी ने इंग्लैंड को जीत की राह पर मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है। बेन डकेट ने केवल 121 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और जैक क्राउली के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 181 रनों की शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी ने इंग्लैंड को ठोस शुरुआत दी। हालांकि, बारिश के कारण मैच को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 181 रन बना लिए हैं और अब उसे जीत के लिए केवल 190 रनों की जरूरत है।
4) एक और भारतीय बल्लेबाज ने इंग्लैंड की सरजमीं पर ठोका शतक, मुंबई इंडियंस से है कनेक्शन
हैम्पशायर के लिए खेलते हुए तिलक वर्मा तिलक वर्माने एसेक्स के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप में अपने पहले ही मैच में शतक ठोका। सोमवार को दिन का खेल समाप्त होने तक तिलक 98 रनों पर नाबाद थे। मंगलवार को बल्लेबाजी के लिए उतरते ही उन्होंने दो और रन जोड़कर 239 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। हालांकि तिलक ने अभी तक भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन यह उनका प्रथम श्रेणी क्रिकेट में छठा शतक है।
5) ENG vs IND 2025: हेडिंग्ले टेस्ट हार के बाद एक सवाल को लेकर गौतम गंभीर पत्रकार से भिड़ गए
गंभीर को सवाल पूछने का तरीका पसंद नहीं आया और उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा, तीन और शतक भी हैं। वे भी बड़े सकारात्मक पहलू हैं। मुझे अच्छा लगता अगर आप यशस्वी (जायसवाल) के शतक, कप्तान के तौर पर शुभमन (गिल) के डेब्यू शतक, केएल (राहुल) के शतक और ऋषभ के दो शतकों के बारे में बात करते। इसलिए ईमानदारी से कहूं तो टेस्ट मैच में पांच शतक एक शानदार शुरुआत है। और उम्मीद है कि आपका सवाल बेहतर हो सकता था।
6) ICC Test Rankings: दो शतक लगाने वाले पंत ने हासिल की करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, गिल की शीर्ष-20 में एंट्री
लीड्स टेस्ट में दो पारियों में दो शतक लगाने वाले दूसरे विकेटकीपर बने पंत टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में एक पायदान ऊपर चढ़ गए। 27 वर्षीय पंत से पहले जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर एक ही टेस्ट मैच में दो शतक लगाने वाले एकमात्र विकेटकीपर थे। पंत ने लीड्स टेस्ट में 134 और 118 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल ने भी पांच स्थान की छलांग लगाई और शीर्ष 20 में पहुंच गए। वह 20वें स्थान पर हैं। गिल ने लीड्स टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाया था। शीर्ष 20 टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में भारत के केवल तीन बल्लेबाज हैं। पंत और गिल के अलावा यशस्वी जायसवाल चौथे स्थान पर काबिज हैं। यशस्वी ने भी लीड्स टेस्ट की पहली पारी में शतक जमाया था।
7) IND vs ENG Records: 148 साल में पहली बार! पांच शतक के बावजूद हारी टीम; कोहली की तरह ऋषभ के भी हाथ लगी निराशा
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह हार इसलिए चौंकाने वाला है क्योंकि भारतीय टीम ने दोनों पारियों में अच्छी बल्लेबाजी की थी और इंग्लिश टीम के सामने चुनौतपूर्ण लक्ष्य रखा था, लेकिन इंग्लैंड ने एक दिन में 350 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस टेस्ट में भारत के नाम कई अनचाहे रिकॉर्ड भी बने। क्रिकेट इतिहास का पहला टेस्ट 1877 में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। 148 साल के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी टीम की ओर से एक टेस्ट में पांच शतक लगे और इसके बावजूद उस टीम को हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले 1928-29 की एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की ओर से मेलबर्न टेस्ट में चार शतक लगे थे। उसी मैच में डॉन ब्रैडमैन ने अपना पहला टेस्ट शतक (112 रन) भी बनाया था, लेकिन फिर भी ऑस्ट्रेलियाई टीम को हार मिली थी।
8) Gautam Gambhir: भारत को नहीं भा रहा गौतम गंभीर का अंदाज? पिछले नौ टेस्ट में से सिर्फ एक मैच जीत पाई टीम इंडिया
अब इंग्लैंड में भी पांच मैचों की सीरीज में मेहमान टीम 1-0 से पीछे है। भारतीय टीम ने भले ही चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की हो, लेकिन लाल गेंद को क्रिकेट का असली प्रारूप माना जाता है और खुद गंभीर भी टेस्ट के महत्व के बारे में कई बार बात कर चुके हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है। फैंस का तो यहां तक कहना है कि सबसे लंबे प्रारूप में गंभीर की कोचिंग टीम इंडिया को नहीं जंच रही है। पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद भारत ने नौ टेस्ट खेले और इसमें सिर्फ एक मैच जीत पाई है।