न्यूजीलैंड ने COVID-19 खतरे को कम करने के लिए भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज के लिए किये अहम बदलाव - क्रिकट्रैकर हिंदी

न्यूजीलैंड ने COVID-19 खतरे को कम करने के लिए भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज के लिए किये अहम बदलाव

भारतीय महिला टीम पहले से ही न्यूजीलैंड पधार चुकी है और पांच वनडे और एक टी-20 मैच खेलने के लिए तैयार है।

Indian Women’s Cricket Team. (Photo by Simon Galloway/PA Images via Getty Images)
Indian Women’s Cricket Team. (Photo by Simon Galloway/PA Images via Getty Images)

न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने कोविड-19 मामलों में वृद्धि को देखते हुए भारत के खिलाफ आगामी घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए स्थानों में फेरबदल किया है ताकि महिला सीरीज के दौरान कोविड-19 जोखिम को कम किया जा सके। बता दें, न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम और भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2022 से पहले एक-दूसरे के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेंगी। जिसे ध्यान में रखते हुए NZC कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहता हैं।

न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने 27 जनवरी को घोषणा की है कि न्यूजीलैंड महिला टीम क्वीन्सटाउन में भारत के खिलाफ सभी 6 सीमित ओवरों के मैच खेलेगी। सभी मैचों का आयोजन क्वीन्सटाउन के जॉन डेविस ओवल में होगा। यह फैसला COVID-19 के प्रकोप की संभावना को कम करने के लिए लिया गया है।

बता दें, मार्च-अप्रैल में आयोजित होने वाले महिला विश्व कप 2022 से पहले यह द्विपक्षीय सीरीज नेपियर के मैकलीन पार्क में टी20I के साथ 9 फरवरी को शुरू होने वाली थी। इसके दो दिन बाद उसी स्थान पर पहला एकदिवसीय मैच 11 फरवरी को खेला जाना था। वहीं नेल्सन के सैक्सटन ओवल में 14 और 16 फरवरी को दूसरे और तीसरे एकदिवसीय मैचों की मेजबानी होनी थी। जबकि 22 और 24 फरवरी को क्वीन्सटाउन में अंतिम दो एकदिवसीय मैच होने थे।

तत्काल परिवर्तन से पुरुष टीम के कार्यक्रम पर भी असर

तत्काल परिवर्तन के बाद, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ न्यूजीलैंड पुरुष पक्ष को दोनों घरेलू टेस्ट (फरवरी 17-मार्च 1) क्राइस्टचर्च में खेलने होंगे। वहीं न्यूजीलैंड पुरुष टीम के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी तीन वनडे मैच भी सिर्फ एक ही स्थान नेपियर में खेले जाएंगे।

इंडिया टुडे के अनुसार NZC के मुख्य कार्यकारी डेविड व्हाइट ने कहा, “ये जोखिम ज्ञात COVID-19 हॉटस्पॉट से बचने पर आधारित हैं, और इसमें हवाई यात्रा को सीमित करना, आवास स्थानान्तरण को सीमित करना और अनिवार्य रूप से सुरक्षित वातावरण में संचालन करना शामिल है।”

उन्होंने कहा कि, “हम जानते हैं कि हमारे पास जितनी अधिक घरेलू उड़ानें हैं, और होटलों के बीच जितनी अधिक आवाजाही होती है, एक मैच या यहां तक ​​कि पूरी सीरीज को जोखिम में डालने की संभावना उतनी ही अधिक होती है। यह सभी के लिए बहुत कठिन समय है।”

close whatsapp