IPL 2022 मेगा ऑक्शन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम पर डालिए एक नजर - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022 मेगा ऑक्शन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम पर डालिए एक नजर

IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने कुछ खिलाड़ियों को लेकर जमकर पैसे खर्च किए।

Sunrisers Hyderabad (SRH). (Photo Source: IPL/BCCI)
Sunrisers Hyderabad (SRH). (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 का 2 दिन तक चलने वाले मेगा ऑक्शन का समापन होने के साथ आगामी सीजन में कौन सा खिलाड़ी किस टीम के लिए खेलने वाला यह भी तय हो चुका है। जिसमें पिछले कुछ सीजन से बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम में कई नए चेहरे इस बार देखने को मिलने हैं।

हालांकि मेगा ऑक्शन के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने पुराने खिलाड़ियों को लेकर दिलचस्पी दिखाते हुए उन्हें एकबार फिर से अपनी टीम में शामिल करने सफलता हासिल की। जिसमें भुवनेश्वर कुमार के लिए SRH की टीम ने जहां 4 करोड़ 20 लाख रुपए खर्च कर दिए तो वहीं टी. नटराजन के लिए उन्होंने 4 करोड़ रुपए ऑक्शन के दौरान बोली लगाते हुए उन्हें एकबार फिर से अपनी टीम में शामिल करने में सफलता हासिल की।

साल 2016 में IPL के खिताब को अपने नाम करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने इस बार मेगा ऑक्शन से पहले केन विलियमसन को 14 करोड़ रुपए में अपनी पहली पसंद के रिटेन खिलाड़ी के तौर पर चुना था। इसके बाद उन्होंने जम्मू और कश्मीर के 2 खिलाड़ी उमरान मलिक और अब्दुल समद को 4-4 करोड़ रुपए में रिटेन करने का फैसला किया था।

जिसके बाद बेंगलोर में 12 और 13 फरवरी को हुए मेगा ऑक्शन के दौरान उनके पास पर्स में कुल 68 करोड़ रुपए शेष बचे थे। जिसमें उन्होंने सबसे पहले ऑलराउंडर खिलाड़ी वॉशिंगटन सुंदर को 8 करोड़ 75 लाख रुपए में खरीदने के अलावा वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकलस पूरन को अपनी टीम में शामिल करने के लिए 10 करोड़ 75 लाख रुपए खर्च कर दिए।

इन खिलाड़ियों को भी किया SRH ने अपनी टीम में शामिल

पहले दिन के ऑक्शन के दौरान SRH की टीम ने प्रियम गर्ग को 20 लाख रुपए, राहुल त्रिपाठी को 8 करोड़ 50 लाख रुपए के अलावा अभिषेक शर्मा को 6 करोड़ 50 लाख रुपए में खरीदा वहीं दिन के अंत में तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी के लिए जहां SRH की टीमने 4 करोड़ रुपए खर्च कर दिए वहीं श्रेयस गोपाल और जे सुचिथ को उन्होंने 75 लाख और 20 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया।

दूसरे दिन ऑरेंज आर्मी एकबार फिर से कई बड़े नामों पर अपनी दिलचस्पी को साफतौर पर दिखाते हुए दिखी। इसमें एडन माक्ररम के लिए उन्होंने जहां 2 करोड़ 60 लाख रुपए खर्च किए तो वहीं मार्को यान्सिन के लिए 4 करोड़ 20 लाख रुपए खर्च कर दिए। जबकि विंडीज ऑलराउंडर खिलाड़ी रोमारियो शेफर्ड के लिए SRH ने 7 करोड़ 75 लाख रुपए खर्च करते हुए अपनी टीम में शामिल किया।

यहां पर देखिए IPL 2022 मेगा ऑक्शन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम:

केन विलियमसन, अब्दुल समद, उमरान मलिक, वॉशिंगटन सुंदर, निकलस पूरन, टी. नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, प्रियम गर्ग, राहुल त्रिपाठी, अभिषेक शर्मा, कार्तिक त्यागी, श्रेयस गोपाल, जे. सुचिथ, एडन माक्ररम, मार्को यान्सिन, रोमारियो शेफर्ड, सीन एबॉट, रविकुमार समर्थ, शशांक सिंह, सौरभ दुबे, विष्णु विनोद, ग्लेन फिलिप्स, फजलाख फारुकी।

close whatsapp