गुजरात टाइटन्स टीम के गेंदबाजी कोच आशीष नेहरा ने अब टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर कर दिया यह बड़ा दावा
आईपीएल 2022 में भारतीय स्टार आलराउंडर हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस की कमान संभालते नजर आयेंगे।
अद्यतन - फरवरी 15, 2022 7:01 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 का मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को सफल तरीके से समाप्त हुआ। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और गुजरात टाइटंस टीम के गेंदबाजी कोच आशीष नेहरा के अनुसार इस सीजन में नयी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस ने एक मजबूत आलराउंडर टीम तैयार की है। गुजरात टाइटंस की कमान स्टार आलराउंडर हार्दिक पांड्या के हाथों में होगी। टीम में हार्दिक के अलावा आठ आलराउंडर और हैं। जिसमें राहुल तेवतिया भी शामिल हैं। तेवतिया को फ्रेंचाइजी ने 9 करोड़ रुपए में खरीदा है।
भारतीय आलराउंडर हार्दिक पांड्या पिछले काफी दिनों से चोट के कारण गेंदबाजी से दूर रहे। हालांकि इसके बावजूद उन्हें IPL 2022 में गुजरात टाइटंस की टीम ने अपना कप्तान नियुक्त करने के साथ बड़ी जिम्मेदारी सौंपने का काम किया है। पांड्या ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आखिरी बार गेंदबाजी टी-20 वर्ल्ड कप में की थी। पांड्या की सर्जरी 2019 में हुई थी लगातार चोटों ने हार्दिक को गेंदबाजी से दूर रहने के लिए मजबूर कर दिया।
हार्दिक ने आईपीएल के पिछले दो सीजन से गेंदबाजी नहीं की। जबकि 2020 में विजेता रही मुंबई इंडियंस में हार्दिक ने टीम की जीत में एक अच्छे बल्लेबाज के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुजरात टाइटंस के नवनियुक्त कोच आशीष नेहरा ने कहा कि हार्दिक टीम के लिए गेंदबाजी के विकल्प के रूप में मौजूद होंगे यह बहुत अच्छा होगा।
“अगर हार्दिक गुजरात के लिए गेंदबाजी करते हैं तो यह बहुत अच्छा होगा”- नेहरा
आशीष नेहरा ने इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए हार्दिक की तारीफ में कहा कि “अगर हार्दिक गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी करते हैं तो यह बहुत अच्छा होगा। हालांकि उनकी गेंदबाजी के लिए हमेशा अटकलें लगाई जाती हैं। मैं टी-20 क्रिकेट में ऐसी कोई टीम नहीं देखता जहां हार्दिक एक बल्लेबाज के रूप में फिट न हों। अगर वह टीम में केवल बल्लेबाजी के लिए फिट हैं। तो मुझे हार्दिक के लिए खुशी होगी। मैं देखने के लिए उत्सुक हूं कि विजय शंकर इस सीजन में कैसा करते हैं।”
पांड्या ने आगामी सीजन के लिए अभ्यास शुरू कर दिया है। उन्होंने दावा किया है कि इस बार के सीजन में हार्दिक अपनी गेंदबाजी से प्रसंशको की उम्मीद पर खरे उतरेंगे। गुजरात टाइटंस ने विजय शंकर को एक बैकअप आलराउंडर के रूप में शामिल किया है।