आखिर साल 2021 के IPL फाइनल मुकाबले के बाद CSK कप्तान धोनी ने राहुल त्रिपाठी से कही थी क्या बात जिसका हुआ अब खुलासा
IPL 2022 मेगा ऑक्शन में राहुल त्रिपाठी को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 8 करोड़ 50 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है।
अद्यतन - Feb 17, 2022 6:14 pm

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी विश्व में सबसे सफल कप्तानों में से एक माने जाते हैं। महेंद्र सिंह धोनी युवाओं को अच्छी सलाह देने के लिए भी जाने जाते हैं। ऐसा ही कुछ आईपीएल 2021 सीजन के फाइनल मुकाबले में देखने को मिला था जब चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाईट राइडर्स आमने-सामने थी। उस दौरान KKR टीम के सदस्य बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी हैमिस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे थे।
राहुल चोट के कारण फाइनल मुकाबले में निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के लिए आये थे। उन्होंने फाइनल में धोनी के साथ की गयी बातचीत का खुलासा करते हुए बताया कि धोनी नए खिलाड़ियों के साथ छोटे भाई की तरह व्यवहार करते हैं। धोनी भारतीय युवा खिलाड़ियों के लिए मार्गदर्शक के रूप में भी जाने जाते हैं। युवा बल्लेबाज ने बताया कि फाइनल में आउट होने के बाद कैसे धोनी ने उनको प्रेरित किया।
2021 फाइनल के दौरान माही भाई ने कहा ‘तूने अपना सौ प्रतिशत दिया’ – राहुल त्रिपाठी
युवा बल्लेबाज ने न्यूज़ 18 बात करते हुए बताया कि “मैं 2021 फाइनल में हैमिस्ट्रिंग की चोट के कारण 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आया था और मैं रन नहीं बना सका। मेरे आउट होने के बाद माही भाई ने मेरी पीठ थपथपाई और कहा ‘कोई बात नहीं आज तुम्हारा दिन नहीं था लेकिन तूने अपना 100 प्रतिशत दिया।’ फाइनल हारने के बाद मैं अच्छा महसूस नहीं कर रहा था। माही भाई मैच के बाद मुझसे मिले और एक मिनट तक बात की।”
राहुल त्रिपाठी ने 2017 में अपना IPL डेब्यू राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के साथ किया। धोनी भी उस टीम का हिस्सा थे। लेकिन उस दौरान टीम की कमान स्टीव स्मिथ के हाथ में थी। 2017 में इस बल्लेबाज की आक्रामक बल्लेबाजी ने प्रसंशकों को काफी प्रभावित किया। उन्होंने उस सीजन में अपने 14 मैचों में 146.44 के स्ट्राइक रेट से 391 रन बनाये। राहुल त्रिपाठी अगले दो सीजन में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते नजर आये।
2020 और 2021 में 30 वर्षीय राहुल त्रिपाठी KKR टीम का हिस्सा रहे। वहीं 2022 के IPL मेगा ऑक्शन में राहुल त्रिपाठी को सनराइजर्स हैदराबाद ने 8.5 करोड़ रुपए में खरीद कर अपने खेमें में शामिल किया है। पिछले सीजन में इस खिलाड़ी ने केकेआर की तरफ से 17 मैच खेले। जिसमें उन्होंने 140.28 के स्ट्राइक रेट से 397 रन बनाए थे।