IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी बनने के बाद इशान किशन ने किया अब अपनी भावनाओं का खुलकर खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी बनने के बाद इशान किशन ने किया अब अपनी भावनाओं का खुलकर खुलासा

मुंबई के खिलाड़ी इशान किशन ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में मुंबई की तरफ से खेलने का कारण बताया।

Ishan Kishan
Ishan Kishan. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 का मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को सफल तरीके से समाप्त हुआ। इस ऑक्शन में शामिल हुई सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने अपने-अपने दस्ते मजबूत कर लिए हैं। इस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन साबित हुए। आईपीएल का खिताब 5 बार अपने नाम करने वाली मुंबई इंडियंस ने इस युवा बल्लेबाज को 15.75 करोड़ रुपए में मेगा ऑक्शन के दौरान खरीदा।

इस युवा खिलाड़ी को खरीदने के लिए 3 फ्रेंचाइजियों सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स ने कड़ी लड़ाई लड़ी। 23 वर्षीय इस बल्लेबाज ने खुलासा किया कि वह मुंबई की तरफ से खेलना चाहते हैं। क्योंकि मुंबई इंडियंस उनके खेल को समझती है। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले ही पता था मुंबई इंडियंस उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए भरपूर प्रयास करेगी।

“मेरे दिल की धड़कन रुक गयी”- ईशान किशन

टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में इशान किशन ने बताया कि “मुझे पता था कि मुंबई इंडियंस ऑक्शन में मेरे लिए जाएगी। वह चिंताजनक बात नहीं थी, बढ़ती कीमत चिंता का विषय थी क्योंकि मुंबई को बाकी टीम बनाने के लिए पैसे बचाने की जरूरत थी। मुझे स्वीकार करना होगा, वहां एक मिनट के लिए मेरे दिल की धड़कन रुक गई थी।”

उन्होंने खुलासा किया कि वह मुंबई की तरफ से क्यों खेलना चाहते हैं उन्होंने कहा “एक कारण है कि मैं मुंबई में वापस आना चाहता था। वे मेरे खेल को समझते हैं और मैं अपने मताधिकार को जानता हूं कि यह कैसे काम करता है। क्योंकि मैं इस परिवार का हिस्सा रहा हूं। मुझे यकीन था कि मैं कहीं और नहीं जाना चाहता। मुझे यहां चार साल हो गए हैं और बॉन्डिंग अद्भुत रही है। हमने दो ट्राफियां जीती हैं, एक-दूसरे के लिए खड़े हुए और मुझे पता है कि वे मेरा ख्याल रखेंगे। इसलिए, मैं कहीं और नहीं जाना चाहता था।”

इशान किशन 2018 में मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े थे। उन्होंने अभी तक के अपने IPL करियर में कुल 61 मैच खेले हैं। 23 वर्षीय ने 28.47 की औसत और 136.34 के स्ट्राइक रेट से 1,452 रन बनाए हैं। 2020 में इस सलामी बल्लेबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ शानदार पारी खेली। लेकिन वह एक रन से शतक से चूक गए थे।

close whatsapp