IPL 2022: RCB का कप्तान चुने जाने के बाद फाफ डु प्लेसिस ने कुछ इस तरह दी प्रतिक्रिया
फरवरी 2022 में हुए मेगा ऑक्शन में RCB ने डु प्लेसिस को 7 करोड़ रुपए में अपने खेमें में शामिल किया था।
अद्यतन - Mar 13, 2022 6:15 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की शुरुआत में केवल दो हफ्ते बाकी हैं, सभी भारतीय फैंस की नजरें अब कैलेंडर पर होंगी। सभी फ्रेंचाईजी अपनी-अपनी टीमों की तैयारियों में जुटी हुई हैं उनमें से एक नाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का भी है। RCB फैंस के काफी इंतजार करने के बाद अब फ्रेंचाइजी ने आखिर अपनी टीम के अपने नए कप्तान की घोषणा कर दी है।
फाफ डु प्लेसिस IPL के 15वें सीजन में RCB की कमान संभालते नजर आएंगे। विराट कोहली ने पिछले सीजन में RCB की कप्तानी से इस्तीफा दिया था, उनके इस फैसले के बाद फैंस जानने के लिए उत्सुक थे आखिर कौन RCB का नया कप्तान होगा। फरवरी 2022 में आयोजित नीलामी में दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज को RCB ने 7 करोड़ रुपए की भारी रकम में खरीदा था।
डु प्लेसिस ने पिछले IPL के पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से सलामी बल्लेबाज के रूप में अहम भूमिका निभाई थी और अपने जोड़ीदार ऑरेंज कैप विजेता ऋतुराज गायकवाड़ से केवल दो रन पीछे थे। फाफ के इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद CSK ने IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में इस खिलाड़ी पर भरोसा नहीं जताया। पिछले सीजन में डु प्लेसिस ने CSK के लिए 631 रन बनाये थे।
“RCB की कप्तानी करने का अवसर बहुत बड़ा है”- डु प्लेसिस
डु प्लेसिस ने ट्वीटर पर RCB द्वारा साझा किये वीडियो में कहा “RCB जैसी फ्रेंचाइजी की कप्तानी करने का अवसर बहुत बड़ा है। मैं टीम नेतृत्व करने के लिए उत्साहित हूं। यह एक ऐसी भूमिका है जिसको स्वीकार करने पर मुझे खुशी हो रही है। जाहिर है अभी IPL शुरू होने जा रहा है और यह टीम के लिए एक नई शुरुआत होगी।”
उन्होंने आगे कहा “टीम प्रबंधन द्वारा मुझे यह भूमिका सौंपने के लिए मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। कुछ समय के लिए एक लीडर होने के बाद, मैं RCB के लिए कुछ ऐसा करूंगा जो मेरे दिल के करीब हो। मैं इस सीजन को RCB के लिए एक सफल सीजन बनाने की पूरी कोशिश करूंगा।”