कुमार संगकारा ने बताया कि आखिर IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में मिस्टर IPL सुरेश रैना क्यों अनसोल्ड गए - क्रिकट्रैकर हिंदी

कुमार संगकारा ने बताया कि आखिर IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में मिस्टर IPL सुरेश रैना क्यों अनसोल्ड गए

IPL इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में सुरेश रैना चौथे स्थान पर काबिज हैं, लेकिन IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में उनको किसी टीम ने नहीं खरीदा।

Suresh Raina of Chennai Super Kings
Suresh Raina of Chennai Super Kings (Photo by Robert Cianflone/Getty Images)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 का सीजन शुरू होने में अब अधिक समय नहीं बचा है। जिसमें इस सीजन की शुरुआत 26 मार्च से गत-विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबले के साथ होगी। वहीं इस सीजन में 2 नई टीमें भी मैदान पर देखने को मिलेंगी। जिसके चलते कुल 70 लीग मैचों का आयोजन किया जाएगा। इसी को लेकर 12 और 13 फरवरी को मेगा ऑक्शन का भी आयोजन किया गया था।

जिसमें उस समय एक अचम्भित करने वाला फैसला देखने को मिला जब मिस्टर IPL के तौर पर अपनी पहचान बनाने वाले सुरेश रैना को लेकर किसी भी फ्रेंचाइजी ने अपनी दिलचस्पी को नहीं दिखाया था, जिसके चलते वह अनसोल्ड गए थे। भले ही IPL के अब तक के इतिहास में रैना सर्वाधिक रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर काबिज हैं और उनके पास इस लीग का अच्छा खासा अनुभव हासिल है, लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने 2 दिन तक चली नीलामी में उन्हें खरीदने का मन नहीं बनाया।

अब श्रीलंकाई टीम के पूर्व महान कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा ने मेगा ऑक्शन में सुरेन रैना के अनसोल्ड जाने के पीछे के कारण को पूरी तरह से समझाने का काम किया है।

साल बदलने के साथ खिलाड़ियों में भी आता है बदलाव

कुमार संगकारा का बयान जो जी न्यूज में छपा उसके अनुसार उन्होंने कहा कि, इसको लेकर आप कई तरह से चीजें देख सकते हैं, क्योंकि साल बदलने के साथ खिलाड़ियों को लेकर भी बदलाव देखने को मिलता है, क्योंकि नए खिलाड़ी भी साल दर साल अपनी एक अलग पहचान बनाने का काम कर रहे होते हैं।

संगकारा ने आगे अपने बयान में कहा कि, यदि सुरेश रैना के मामले पर बात की जाए तो IPL में उनकी ओहदा बिल्कुल ही अलग है और वह इस लीग के महान खिलाड़ियों में गिने जाते हैं, जिन्होंने सीजन दर सीजन लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन यदि आप इस पूरे मामले को सही तरीके से परखने की कोशिश करेंगे तो कभी-कभी कोई खिलाड़ी किसी सीजन के लिए पूरी तरह से फिट नहीं बैठता है। लेकिन इसमें उस खिलाड़ी की कोई गलती नहीं होती है और ना ही उसकी ख्याति को लेकर किसी तरह का कोई सवाल उठाना चाहिए।

बता दें कि सुरेश रैना अभी तक IPL इतिहास में कुल 205 मैच खेलने के बाद 32.52 के औसत से 5528 रन बना चुके हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 136.73 का रहा है। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 39 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं।

close whatsapp