IPL 2022: आईपीएल से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने ट्वीटर पर साझा किया एक वीडियो जिसमें शानदार शॉट्स खेल रहा यह युवा खिलाड़ी
दिल्ली कैपिटल्स IPL 2022 में अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 मार्च को खेलेगी।
अद्यतन - मार्च 21, 2022 4:41 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) एक ऐसा प्रारूप है जो कई खिलाड़ियों की जिंदगी बदल देता है। इस टूर्नामेंट से युवा खिलाड़ियों को अपना प्रदर्शन प्रशंसकों के सामने लाने में मदद मिलती है। IPL 2022 के लिए भी कुछ युवा खिलाड़ियों को खरीदार मिले हैं जिनमें से एक नाम 19 वर्षीय यश ढुल का भी है। ढुल ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का नेतृत्व किया और बतौर कप्तान शानदार प्रदर्शन कर भारत को वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया था।
यश ढुल को फरवरी 2022 में आयोजित मेगा ऑक्शन के दौरान दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 50 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल कर लिया था। इसके अलावा हाल ही में दांए हाथ के बल्लेबाज ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी अपना पदार्पण किया। रणजी ट्रॉफी में यश ढुल ने अभी तक केवल 3 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 119.75 के औसत से कुल 479 रन बनाये हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में नाबाद दोहरा शतक भी लगाया है।
युवा खिलाड़ी के शानदार फॉर्म को देखते हुए वह दिल्ली कैपिटल्स की प्लेयिंग इलेवन में भी जगह बना सकते हैं और अगर वह लगातार शानदार प्रदर्शन करते रहे तो जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी कदम रखेंगे। ढुल के लिए ऋषभ पंत सबसे अच्छा उदाहरण होंगे जिन्होंने पहले रणजी में अपना शानदार प्रदर्शन दिखाया और बाद में IPL में अपने तूफानी प्रदर्शन की बदौलत अंतरराष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।
दिल्ली ने ट्वीटर पर साझा किया यश ढुल का वीडियो
IPL की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने ट्वीटर पर यश ढुल का एक वीडियो साझा किया जिसमें नेट्स में दांए हाथ के बल्लेबाज शानदार तरीके से अपर कट को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में साफ है कि युवा खिलाड़ी ने गेंद की गति और उछाल का बखूबी इस्तेमाल किया है। यश ढुल को खुद पर विश्वास था कि उन्होंने शानदार तरीके से शॉट को खेला है इसलिए उन्होंने अपने शॉट को पीछे मुड़कर भी नहीं देखा। इस वीडियो के कैप्शन में DC ने लिखा “दैट नो लुक वाज स्मूथ”।
That No-look was S.M.O.O.T.H 🤌
🔝 Upper Cut 🔥 @YashDhull2002 🤩#YehHaiNayiDilli #IPL2022 pic.twitter.com/vrnyoso5MS
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) March 21, 2022
आपको बता दें कि DC को शुरुआती कुछ मैचों में कुछ विदेशी खिलाड़ियों की कमी खलेगी क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ी डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श पाकिस्तान दौरे पर हैं। वहीं दूसरी तरफ एनरिक नॉर्खिया भी चोट के कारण टीम से बाहर हो सकते हैं। DC टूर्नामेंट में अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 मार्च को खेलेगी।