टीम चयन को लेकर श्रेयस अय्यर के खुलासे के बाद पूर्व खिलाड़ी मदनलाल ने भी उठाया यह अहम सवाल - क्रिकट्रैकर हिंदी

टीम चयन को लेकर श्रेयस अय्यर के खुलासे के बाद पूर्व खिलाड़ी मदनलाल ने भी उठाया यह अहम सवाल

टीम चयन का जिम्मा पूरी तरह से कोच और कप्तान का होता है, उसमें सीईओ की किसी तरह की कोई भूमिका नहीं होती है।

Madan Lal
Madan Lal. (Photo Source: Twitter)

भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर मदन लाल ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के CEO वैंकी मैसूर के ऊपर निशाना साधा और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में टीम के चयन को लेकर उनकी भागीदारी के ऊपर सवाल उठाया है। हाल ही में KKR टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ हुए मुकाबले में हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ टीम के सीईओ वैंकी मैसूर भी टीम के चयन में शामिल हुए थे।

यही नहीं कुछ और भी ऐसे मुकाबले हैं जिसमें वैंकी मैसूर शामिल हुए हैं। इस बयान के सामने आने के बाद तमाम प्रशंसक और क्रिकेट विशेषज्ञों को झटका लगा था। न्यूज-18 में छपे मदनलाल के बयान में उन्होंने कहा कि, श्रेयस अय्यर ने जब यह बात बताई तो मुझे काफी झटका लगा।

अगर यह सच है तो टीम के कोच और बाकी सहायक स्टाफ क्या कर रहे थे? टीम के चयन का जिम्मा कोचे और कप्तान का होता है ना कि सीईओ का। शायद यही वजह है कि टीम इस सीजन में काफी बुरा प्रदर्शन कर रही है। टीम के भीतर ही कुछ गड़बड़ी चल रही है।

KKR का प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल

बता दें कि, KKR ने आईपीएल 2022 की शुरुआत काफी धमाकेदार तरीके से की थी। शुरुआती 4 मुकाबलों में से उन्होंने 3 में जीत दर्ज की थी। लेकिन उसके बाद कोलकाता की लय पूरी तरीके से डगमगा गई और बाकी 8 मुकाबलों में सिर्फ 2 में जीत दर्ज कर पाई।

कोलकाता ने लगातार 5 मुकाबले हारे हैं जिसकी वजह से अब उनका प्लेऑफ में क्वालीफाई करने का सपना टूटता नजर आ रहा है। अंकतालिका की बात करें तो उन्होंने अभी तक कुल 12 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 5 में जीत दर्ज की है। वो इस समय 8वें पायदान पर काबिज हैं। अगर उनको प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना है तो उन्हें अपने बचे हुए दोनों मुकाबले बड़े अंतराल से जीतने होंगे।

उनका अगला मुकाबला 14 मई को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है। अगर कोलकाता यह मुकाबला हार जाती है तो वो प्लेऑफ की दौड़ से पूरी तरीके से बाहर हो जाएगी।

close whatsapp