फॉर्म में लौटने की तरकीब में विराट कोहली से हुई चूक! आरपी सिंह ने बताया कैसे - क्रिकट्रैकर हिंदी

फॉर्म में लौटने की तरकीब में विराट कोहली से हुई चूक! आरपी सिंह ने बताया कैसे

आरपी सिंह ने कहा विराट कोहली के दिन ही इस समय बुरे चल रहे हैं।

Virat Kohli. (Photo by Ashley Vlotman/Gallo Images/Getty Images)
Virat Kohli. (Photo by Ashley Vlotman/Gallo Images/Getty Images)

भारत के पूर्व गेंदबाज आरपी सिंह ने विराट कोहली के फॉर्म को लेकर दिलचस्प अवलोकन किया है। पूर्व भारतीय कप्तान काफी लंबे समय से बल्ले के साथ संघर्ष कर रहे हैं, और शतक लगाए तो उन्हें करीब तीन साल होने चले है। हालिया आईपीएल 2022 (IPL 2022) में भारत की रन मशीन से उम्मीद की जा रही थी कि वह अपने असली रंग में लौट आएंगे, लेकिन फैंस को केवल निराशा मिली। हालांकि, उन्होंने कुछ मैचों में अच्छा खेला, लेकिन वह लगातार प्रदर्शन नहीं कर पाए।

इस बीच, आरपी सिंह ने कहा विराट कोहली ने अपने फॉर्म में वापसी का तरीका तो सही चुना है, लेकिन उन्होंने खेल का प्रारूप गलत चुन लिया है, उन्हें अधिक से अधिक टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेलना चाहिए, ताकि उन्हें गेंदे अधिक खेलने को मिल सके और वह अपने फॉर्म में लौट सके।

पूर्व गेंदबाज का मानना हैं कि दिग्गज बल्लेबाज को अपने खराब दौर से गुजरने में ज्यादा समय इसलिए लग रहा हैं, क्योंकि क्योंकि वह टी-20 मैच ज्यादा खेल रहे हैं, जहां उन्हें ज्यादा गेंदे खेलने का मौका नहीं मिल पा रहा है।

विराट कोहली ने फॉर्म में वापसी के लिए गलत प्रारूप चुना है: आरपी सिंह

आरपी सिंह ने इंडिया टीवी को बताया: “विराट का समय बुरा चल रहा है। वह जिस तरह से आउट हो रहे हैं, वह अजीब और असामान्य है। हमने विराट को इस तरह आउट होते कभी नहीं देखा। वह अपने करियर के सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं, और वह काफी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, इसलिए उन्हें  इससे बाहर आने में भी उतना ही समय लगने वाला है। आप वनडे और टेस्ट क्रिकेट में गेंदों का अधिक उपयोग कर सकते हैं, जहां आप धीरे-धीरे फॉर्म में वापस लौट सकते हैं, लेकिन टी-20 क्रिकेट में आपके पास अधिक गेंदे खेलने की स्वतंत्रता नहीं होती है।”

उन्होंने आगे कहा: “अगर आपको फॉर्म में वापस लौटना है, तो आप इसकी शुरूआत 50-55 गेंदों पर 60 रन बनाकर कर सकते हैं, लेकिन आप 55 गेंदों में 100 रन बनाने की उम्मीद नहीं कर सकते। आपको क्रीज पर समय बिताना होगा, सिंगल्स और डबल्स लेना होगा। मुझे नहीं लगता कि विराट कोहली के लिए अपने पुराने फॉर्म में वापस आना आसान होगा, क्योंकि वह सालों से क्रिकेट के मैदान में बल्ले से राज कर रहे थे। विराट खुद सोच रहे होंगे कि ‘मेरा कभी मैदान पर दबदबा हुआ करता था, लेकिन अब जब भी गेंद बल्ले को छूती है, तो मैं आउट हो जाता हूं’। मेरे ख्याल से उन्होंने फॉर्म में लौटने का सही तरीका अपनाया है, लेकिन उनसे प्रारूप चुनने में गलती हुई है।”

 

close whatsapp