ऋषभ पंत ने आखिर क्यों चुनी विकेटकीपिंग? जानिए खुद क्रिकेटर से
ऋषभ पंत ने एक सफल विकेटकीपर बनने के लिए टिप्स भी साझा किए।
अद्यतन - Jun 7, 2022 11:43 am

भारतीय युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने विकेटकीपिंग की भूमिका चुनने के पीछे के कारण का खुलासा किया है। आपको बता दें, ऋषभ पंत भारतीय क्रिकेट टीम के नियमित सदस्य हैं, और 2019 वर्ल्ड कप के बाद दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी के चयन के लिए खुद को अनुपलब्ध रखने के बाद से टीम इंडिया के लिए विकेटकीपर के रूप में काम कर रहे हैं।
बता दें, एमएस धोनी ने साल 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। वहीं दूसरी ओर, 24-वर्षीय क्रिकेटर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 जून से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय घरेलू सीरीज में विकेटकीपिंग करते हुए दिखाई देंगे दिखाई देंगे। वह सीरीज में टीम के उप-कप्तान भी होंगे।
मैंने विकेटकीपिंग इसलिए चुनी क्योंकि मेरे पिता एक विकेटकीपर थे: ऋषभ पंत
ऋषभ पंत ने एसजी पॉडकास्ट पर कहा: “मुझे नहीं पता कि मेरी विकेटकीपिंग बेहतर हुई है या नहीं, लेकिन मैं हर दिन अपना शत प्रतिशत देने की कोशिश कर रहा हूं। मैं हमेशा से ही एक विकेटकीपर-बल्लेबाज था। मैंने बचपन से ही विकेटकीपिंग करना शुरू कर दिया था, क्योंकि मेरे पिता भी एक विकेटकीपर थे। इस तरह मैंने एक विकेटकीपर-बल्लेबाज बनना चुना।
अगर आप एक अच्छे विकेटकीपर बनना चाहते हैं, तो आपको खुद को चुस्त-दुरुस्त रखने की जरूरत है। अगर आप बहुत फुर्तीले हैं, तो यह विकेटकीपिंग में आपकी काफी मदद करेगा। दूसरी सबसे जरूरी बात ये हैं कि विकेटकीपर को गेंद को अंत तक देखना चाहिए। कभी-कभी ऐसा होता है कि हम जानते हैं कि गेंद आ रही है, इसलिए हम थोड़ा रिलैक्स हो जाते हैं, लेकिन आपको गेंद को तब तक देखते रहना चाहिए जब तक आप इसे पकड़ नहीं लेते।”
व्यस्त शेड्यूल के बीच दिमाग को तरोताजा रखने के बारे में बात करते हुए ऋषभ पंत ने कहा: “जब आप पूरे साल खेलते हैं, और खासकर दबाव के साथ लगातार खेलते हैं, तो हमें अपने दिमाग को तरोताजा करने की जरूरत होती है। यदि आप खुद को फिर से ऊर्जावान नहीं कर पाते हैं, तो फिर आप मैदान पर अपना 100 प्रतिशत नहीं दे पाएंगे। बतौर क्रिकेटर हमें अपने दिमाग पर काम करते रहने और तरोताजा रहने की जरूरत होती है।”