'काम मैंने किया क्रेडिट किसी और ने लिया’- ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर रहाणे का सनसनीखेज खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘काम मैंने किया क्रेडिट किसी और ने लिया’- ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर रहाणे का सनसनीखेज खुलासा

पिछले कुछ समय से अजिंक्य रहाणे का फॉर्म उनके साथ नहीं है।

Ajinkya Rahane
Ajinkya Rahane. (Photo Source: Getty Images)

भारतीय टेस्ट टीम के पूर्व उपकप्तान अजिंक्य रहाणे पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, लंबे समय से उनके बल्ले से कोई शतकीय पारी देखने को नहीं मिली है। पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर फिर हाल ही खत्म हुए दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज के दौरान उन्होंने कुछ अर्धशतकीय पारी जरूर खेली है लेकिन फिर भी वह जिस तरह की बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं उस तरह का उनका प्रदर्शन नहीं रहा है।

खराब फॉर्म के कारण दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले उनसे टेस्ट की उपकप्तानी ले ली गई और अब टेस्ट टीम में उनके जगह पर खतरा मंडरा रहा है। विराट कोहली के टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद वह अगले टेस्ट कप्तान की रेस में भी दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं। जिस वजह से कई क्रिकेट एक्सपर्ट और दिग्गज का मानना है कि रहाणे का करियर अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और वो शायद ही इंडिया के लिए खेलें।

मेरे काम का क्रेडिट किसी और ने लिया- अजिंक्य रहाणे

दाएं हाथ के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे का कुछ और ही मानना है। रहाणे ने पत्रकार बोरिया मजूमदार के शो बैकस्टेज विद बोरिया शो में अपना करियर को लेकर बात की और कहा कि, “जब लोग कहते हैं कि मेरा करियर खत्म हो गया है तो मैं हंस देता हूं। जो लोग खेल को समझते हैं वो इस तरह की बातें नहीं करेंगे, हर कोई जानता है कि ऑस्ट्रेलिया में क्या हुआ था और उससे पहले भी, टेस्ट क्रिकेट में मेरा योगदान जो लोग खेल को प्यार करते हैं वो समझदारी की बातें करते हैं।”

रहाणे ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया में जब वह कप्तान थे तब उन्होंने कुछ फैसले लिए लेकिन इसका श्रेय किसी और ने लिया। रहाणे ने कहा कि, “मुझे पता है कि मैंने वहां पर क्या किया है। मुझे किसी को बताने की जरूरत नहीं है। मेरी आदत नहीं है कि मैं क्रेडिट लूं। हां कुछ चीजें ऐसी थीं जो मैंने ऑन फील्ड फैसले लिए थे या ड्रेसिंग रूम में फैसले लिए थे।

लेकिन उसका क्रेडिट किसी और ने लिया। मेरे लिए जरूरी था कि हम सीरीज जीतें। लोगों की जो बाद की प्रतिक्रियाएं थी जो लोगों को बाद में बताया गया जो बाद में मीडिया में आया कि ये हमने किया ये हमारा फैसला था, ये उनकी बातें थीं। लेकिन हकीकत में मुझे पता है कि मैंने क्या फैसले लिए थे।”

close whatsapp