ऋषभ पंत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के प्लेइंग स्टाइल में बदलाव के दिए संकेत - क्रिकट्रैकर हिंदी

ऋषभ पंत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के प्लेइंग स्टाइल में बदलाव के दिए संकेत

ऋषभ पंत अपने होमटाउन में भारत का नेतृत्व करने को लेकर बेहद उत्साहित है।

Rishabh Pant (Image Source: BCCI Twitter Screengrab)
Rishabh Pant (Image Source: BCCI Twitter Screengrab)

भारतीय क्रिकेट टीम 9 जून से पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका का सामना करने तैयार है। हालांकि, इस घरलू टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को एक नहीं बल्कि दो झटकों का सामना करना पड़ा है, क्योंकि टीम के कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल और कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव चोटिल होने के बाद दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर हो गए हैं।

भारतीय टीम के पहले ही सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है, ऐसे में केएल राहुल और कुलदीप यादव का टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर होना मेजबान टीम के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं, क्योंकि टीम का सरजमीं पर इस प्रारूप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड नहीं हैं।

दक्षिण अफ्रीका का भारत में है बेहतर रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने भारत में साल 2015 से अब तक 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमे दो मैच बारिश में धूल गए, जबकि भारत केवल एक मैच ही जीत पाया।  इस बीच, दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 9 जून से शुरू होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए ऋषभ पंत को टीम इंडिया का कार्यवाहक कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि हार्दिक पांड्या उप-कप्तान होंगे।

इस सीरीज के पहले T20I मैच से पहले ऋषभ पंत ने खुलासा किया है कि आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को देखते हुए भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान एक अलग अंदाज में नजर आएगी, वे उनके खेलने के तरीके में बदलाव करने जा रही हैं।

दिल्ली में पहली बार भारत का नेतृत्व करने को लेकर उत्साहित हैं ऋषभ पंत

ऋषभ पंत ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया: “भारतीय टीम ने टी-20 क्रिकेट के लिए कुछ लक्ष्य निर्धारित किए हैं, जिन्हें हम हासिल करना चाहते हैं, और उन पर लगातार काम भी किया जा रहा है। हम सभी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बारे में सोच रहे हैं, और इसके लिए तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। आने वाले दिनों में आपको हमारे क्रिकेट खेलने के तरीके में काफी बदलाव देखने को मिलेगा।”

उन्होंने आगे कहा: “भारत का नेतृत्व करने का मौका पाकर बहुत खुश हूं, हालांकि मुझे यह मौका गलत समय पर मिला, केएल राहुल का चोटिल होना टीम के लिए अच्छा नहीं है, लेकिन मैं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कप्तानी करने को लेकर बहुत उत्साहित महसूस कर रहा हूं। यह बहुत सुखद अहसास है, क्योंकि मुझे पहली बार अपने घरेलू मैदान में भारत का नेतृत्व करने का अवसर मिल रहा है। मैं इस मौके का अधिक से अधिक फायदा उठाने की कोशिश करूंगा। मुझे लगता है कि एक कप्तान के तौर पर भारत की कप्तानी करने से मुझे काफी मदद मिलेगी, क्योंकि जब आप एक ही चीज को बार-बार कर रहे होते हैं, तो आप में सुधार होता है। मैं अपनी गलतियों से सीखता रहता हूं, और मुझे लगता है कि भारत की कप्तानी मेरे नेतृत्व कौशल में सुधार करने में मेरी मदद करेगी।”

close whatsapp