नीदरलैंड के कप्तान पीटर सीलार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास
पीटर सीलार ने साल 2006 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।
अद्यतन - Jun 20, 2022 5:04 pm

नीदरलैंड के स्टार ऑलराउंडर और कप्तान पीटर सीलार ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। अनुभवी खिलाड़ी ने पीठ की चोट से तंग आने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया। उन्होंने यह फैसला इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा वनडे छह विकेट से हारने के बाद लिया। अब विकेटकीपर-बल्लेबाज स्कॉट एडवर्ड्स नीदरलैंड के कप्तान के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
पीटर सीलार ने एक बयान में कहा: “साल 2020 के बाद से मेरी पीठ की समस्याएं इस हद तक बढ़ गई हैं कि मैं खेल को अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दें पा रहा हूं। यह मेरे लिए बेहद खेद की बात है कि क्रिकेट ने मुझे जो कुछ भी दिया हैं, मैं उसे अपना सब कुछ नहीं दे पा रहा हूं, इसलिए इस खेल को अलविदा कहना बेहतर होगा।”
नीदरलैंड क्रिकेट में पीटर का योगदान अमूल्य रहा: रोलैंड लेफेबरे
KNCB के उच्च-प्रदर्शन प्रबंधक, रोलैंड लेफेबरे ने कहा: “एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में नीदरलैंड क्रिकेट में पीटर का योगदान अमूल्य रहा है। उनकी प्रबंधन शैली सरल, ईमानदार और पारदर्शी है, जिसकी खिलाड़ियों ने हमेशा सराहना की है। उनका एक शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर रहा, जो दुर्भाग्य से इस तरह समाप्त हो रहा है। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।”
इस बीच, इंग्लैंड के सीमित ओवरों के कप्तान इयोन मोर्गन ने भी 19 जून को दूसरे वनडे के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में पीटर सीलार को उनके शनदार करियर और डच क्रिकेट में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
इयोन मोर्गन ने कहा: “मेरे मानना है कि पीटर सीलार का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अद्भुत सफर रहा, और साथ ही डच क्रिकेट में उनका योगदान भी उत्कृष्ट रहा है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम की ओर से, हम सभी उन्हें उनके संन्यास पर बधाई देते हैं, और उनकी अगली यात्रा में उनकी कामयाबी की कामना करते हैं।”
आपको बता दें, सीलार ने नीदरलैंड के लिए कुल 134 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिनमे उन्होंने कुल 938 रन और 115 विकेट लिए। डच के पूर्व कप्तान ने अपने देश के लिए सबसे अधिक T20I मैच (77) खेलने वाले खिलाड़ी के रूप में अपना करियर समाप्त किया। इसके अलावा, वह नीदरलैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा वनडे मैच (57) खेलने वाले खिलाड़ी भी है। उन्होंने साल 2006 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।