रेहान अहमद को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50-ओवरों के मैचों के लिए इंग्लैंड लायंस टीम में शामिल किया गया - क्रिकट्रैकर हिंदी

रेहान अहमद को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50-ओवरों के मैचों के लिए इंग्लैंड लायंस टीम में शामिल किया गया

इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच 19 जुलाई से 6 सीमित ओवरों के मैच खेले जाएंगे।

Rehan Ahmed (Photo Source: James Chance/Getty Images)
Rehan Ahmed (Photo Source: James Chance/Getty Images)

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने 4 जुलाई को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 ओवरों के दो मैचों के लिए 13-सदस्यीय इंग्लैंड लायंस टीम की घोषणा की। पहला 50 ओवरों का मैच टुनटन में 12 जुलाई को खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम मैच 14 जुलाई को वॉर्सेस्टर के काउंटी ग्राउंड न्यू रोड में खेला जाना है।

ईसीबी (ECB) ने कहा कि वह 12 जुलाई को टुनटन में खेले जाने वाले पहले मैच में पूरी टीम को भाग लेने की अनुमति दे रहा है ताकि दक्षिण अफ्रीका को आगामी वनडे सीरीज की तैयारी में मदद मिल सके, लेकिन दूसरा मैच एक ए-गेम के रूप में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमों को 11 खिलाड़ियों के साथ खेलना होगा। आपको बता दें, इंग्लैंड क्रिकेट टीम 19 जुलाई से तीन मैचों की वनडे और तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करने जा रही है

रेहान अहमद को पहली बार इंग्लैंड लायंस टीम में चुना गया

इस बीच, 17-वर्षीय लेग-स्पिनर रेहान अहमद को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी 50 ओवरों के दो मैचों के लिए इंग्लैंड लायंस टीम में पहली बार शामिल किया गया है। टी-20 ब्लास्ट 2022 में लीसेस्टरशायर के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद युवा लेग-स्पिनर को पहली बार इंग्लैंड लायंस टीम में जगह दी गई है।

दाएं-हाथ के लेग-स्पिनर ने टी-20 ब्लास्ट के ग्रुप चरण में 19 विकेट लिए और वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फ्रंटलाइन स्पिनरों में से एक के रूप में खेल सकते है। इसके अलावा उन्होंने इस साल अंडर-19 वर्ल्ड कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चार मैचों में 12 विकेट लिए थे। मैट पार्किंसन और आदिल राशिद की अनुपस्थिति के चलते वारविकशायर के जेक लिंटॉट को भी इंग्लैंड लायंस टीम में शामिल किया गया है।

समरसेट के कप्तान टॉम एबेल को इंग्लैंड लायंस का कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि टॉम बैंटन, बेन डकेट और डेविड पायने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक्शन में नजर आएंगे। विल समीद और बेनी हॉवेल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू का मौका दिया जा सकता है।

इंग्लैंड लायंस की टीम पर डालिए नजर

टॉम एबेल (कप्तान), रेहान अहमद, टॉम बैंटन (विकेटकीपर), सैम कुक, बेन डकेट, स्टीफन एस्किनाजी, सैम हैन, एडम होज, बेनी हॉवेल, जेक लिंटॉट, डेविड पायने, जॉर्ज स्क्रिमशॉ, विल स्मीड

close whatsapp