मेरा इरादा अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम में अपनी जगह को पक्का करने पर है - शिखर धवन - क्रिकट्रैकर हिंदी

मेरा इरादा अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम में अपनी जगह को पक्का करने पर है – शिखर धवन

मेरा पूरा फोकस इस समय अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में है। मैं उससे पहले भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा मुकाबले खेलना चाहता हूं और अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं: शिखर धवन

Shikhar Dhawan
Shikhar Dhawan. (Photo Source: SAEED KHAN/AFP via Getty Images)

भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन का कहना है कि इस समय वो बस अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए फोकस कर रहे हैं। बता दें, शिखर धवन 12 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम की ओर से खेल रहे हैं।

धवन वनडे क्रिकेट में भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। 2020 के बाद से धवन ने वनडे फॉर्मेट में 8 अर्धशतक जड़े हैं, वहीं IPL के लगभग सभी संस्करणों में उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। 5 महीनों के लंबे अंतराल के बाद धवन इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं और रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

धवन ने द टेलीग्राफ के साथ एक इंटरव्यू में कहा कि, ‘मेरा पूरा फोकस इस समय अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में है। मैं उससे पहले भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा मुकाबले खेलना चाहता हूं और अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। इसी बीच में IPL भी खेला जाएगा और उसमें भी मैं अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब हूं। चाहे कोई भी लीग हो या कोई भी सीरीज मैं ज्यादा से ज्यादा मुकाबले खेलना चाहता हूं।

इंग्लैंड दौरे को लेकर शिखर धवन ने कहा कि, ‘दौरे से पहले आपको पूरी तरह से तैयार रहना चाहिए। मैंने इस दौरे के लिए कड़ी मेहनत की है। मैं इस दौरे के लिए लगातार अभ्यास कर रहा था और उम्मीद है इस सीरीज में मैं अच्छा प्रदर्शन कर पाऊं।

शांत दिमाग होना बेहद जरूरी: शिखर धवन

बता दें, इंग्लैंड दौरे के बाद शिखर धवन को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जाने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस सीरीज में कुल 3 मुकाबले खेले जाएंगे। यह दौरा 22 जुलाई से शुरू हो रहा है।

अपनी बल्लेबाजी को लेकर शिखर धवन ने कहा कि, ‘एक ओपनर के रूप में मेरे पास काफी अनुभव है। मुझे अपनी तकनीक के ऊपर पूरा भरोसा है और अगर आप एक ओपनर हैं तो आपको शांत दिमाग से सब चीजों के बारे में सोचना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि शांत दिमाग से ही आप बड़ी पारी खेलने में सक्षम रहते हैं।

close whatsapp