विराट कोहली को टीम से ड्रॉप करने वाला चयनकर्ता भारत में पैदा नहीं हुआ है: राशिद लतीफ
विराट कोहली ने आखिरी बार नवंबर 2019 में अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था।
अद्यतन - Jul 15, 2022 7:09 pm

भारत के सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली लंबे समय से खेल के तीनों प्रारूपों में संघर्ष कर रहे हैं, जिसके चलते कई पूर्व क्रिकेटरों ने पूर्व कप्तान को टीम से हटाने का सुझाव दिया है। हालांकि, दाएं-हाथ के बल्लेबाज के पास कप्तान रोहित शर्मा और टीम प्रबंधन का पूरा समर्थन है।
इस बीच, विराट कोहली को टीम इंडिया से बाहर किए जाने की खबरों को लेकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने बड़ा बयान दिया है। राशिद लतीफ ने कहा है कि भारत में ऐसा कोई चयनकर्ता पैदा नहीं हुआ है, जो कोहली को भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर कर सके।
विराट कोहली को टीम इंडिया से बाहर करना आसान नहीं है: राशिद लतीफ
आपको बता दें, कोहली का इस साल 2022 में खेल के तीनों प्रारूपों में औसत 25.50 है, जो एक कैलेंडर वर्ष में उनके करियर का अब तक का सबसे कम औसत है। उन्होंने 14 जुलाई को लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ 16 रन बनाए, जहां भारत को 100 रनों की शिकस्त झेलनी पड़ी। इससे पहले उन्होंने दो T20I मैचों में 1 और 11 रन बनाए थे। उनके बल्ले से काफी समय से ज्यादा रन नहीं आ रहे हैं, जिससे टीम के लिए मुश्किलें बढ़ रही हैं।
राशिद लतीफ ने यूट्यूब चैनल ‘कॉट बिहाइंड’ पर बातचीत के दौरान कहा जब उनसे पूछा गया कि क्या कोहली को टीम से बाहर कर देना चाहिए: “भारत में वो चयनकर्ता पैदा नहीं हुआ है, जो विराट कोहली को ड्रॉप कर सके।”
कोहली ने आखिरी बार नवंबर 2019 में अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था। हालांकि, सारी क्रिकेट बिरादरी पूर्व भारतीय कप्तान के साथ इस मुश्किल समय में खड़ी है, लेकिन कई दिग्गज उन्हें खेल से ब्रेक लेने की सलाह दें रहे है। कोहली को भारत के आगामी वेस्टइंडीज दौरे पर खेली जाने वाली पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए आराम दिया गया है, और उम्मीद की जा रही है कि यह उनके लिए चीजें आसान करेगी।