बेन स्टोक्स ने लिया वनडे फॉर्मेट से संन्यास तो विराट कोहली ने कुछ इस तरह से व्यक्त की अपनी प्रतिक्रिया
कोहली ने बेन स्टोक्स के पोस्ट पर लिखा कि, 'अभी तक जितने भी खिलाड़ियों के साथ मैंने खेला है उनमें से आप सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं। सम्मान है आपको'।
अद्यतन - जुलाई 18, 2022 10:56 अपराह्न

18 जुलाई को इंग्लैंड के धाकड़ ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया है। बेन स्टोक्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर को साझा करते हुए लिखा कि वो अब वनडे क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं और 19 जुलाई को होने वाला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला वनडे मुकाबला उनका आखिरी वनडे मुकाबला होगा।
बता दें, बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड टीम के लिए कई वनडे मुकाबले खेले हैं और अपने बेहतरीन प्रदर्शन से टीम को जीत दिलाई है। उनके इस इंस्टाग्राम पोस्ट में भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी कमेंट किया है। 2019 वनडे वर्ल्ड कप में बेन स्टोक्स ने सिर्फ बल्लेबाजी से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था और अपनी टीम को कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
फाइनल मुकाबले में बेन स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 84 रन की महत्वपूर्ण नाबाद पारी खेली थी और टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड भी जीता था।
स्टोक्स के नंबरों की बात की जाए तो उन्होंने 104 वनडे मुकाबलों में 39.45 के औसत से 2919 रन बनाए हैं जबकि गेंदबाजी में 41.8 के औसत से 74 विकेट्स झटके हैं। कोहली ने बेन स्टोक्स के पोस्ट पर लिखा कि, ‘अभी तक जितने भी खिलाड़ियों के साथ मैंने खेला है उनमें से आप सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं। सम्मान है आपको’।

मैं अब एक साथ तीनों फॉर्मेट नहीं खेल सकता: बेन स्टोक्स
बता दें, जो रूट के टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी छोड़ने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बेन स्टोक्स को टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया था। उनकी कप्तानी में इंग्लैंड टीम ने चार टेस्ट मुकाबले खेले और चारों में जीत दर्ज की। उनके साथ ब्रैंडन मैकुलम को टेस्ट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मुकाबलों की सीरीज में इंग्लैंड ने 3-0 से जीत दर्ज की थी वही भारत के खिलाफ आखिरी टेस्ट मुकाबले में भी उन्होंने मुकाबला जीता था।
बेन स्टोक्स ने अपने संन्यास पोस्ट में लिखा कि, ‘तीनों फॉर्मेट में खेलना मेरे बस की बात नहीं है। मुझे लगता है अब मेरा शरीर इसकी हामी नहीं कर रहा है। मुझे लगता है कि अब मेरी जगह और भी अनुभवी खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए। जोस बटलर और बाकी टीम के खिलाड़ियों को भविष्य के लिए ढेर सारी बधाईयां। अब किसी दूसरे क्रिकेटर की बारी है कि वो अपना प्रदर्शन दुनिया के सामने रखें और कई यादें बनाए जैसे मैंने पिछले 11 सालों में बनाई है।