वेस्टइंडीज के खिलाफ 3-0 से वनडे सीरीज जीतने के बाद राहुल द्रविड़ और शिखर धवन ने भारतीय टीम को ड्रेसिंग रूम में दिया जोशीला संदेश - क्रिकट्रैकर हिंदी

वेस्टइंडीज के खिलाफ 3-0 से वनडे सीरीज जीतने के बाद राहुल द्रविड़ और शिखर धवन ने भारतीय टीम को ड्रेसिंग रूम में दिया जोशीला संदेश

मैं अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी खुश हूं: राहुल द्रविड़

Rahul Dravid applauds the team (Photo Source: Twitter/BCCI)
Rahul Dravid applauds the team (Photo Source: Twitter/BCCI)

27 जुलाई को त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जा चुके तीसरे वनडे मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को डीएलएस नियम के आधार पर 119 रनों से मात दी और तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज में 3-0 से सीरीज अपने नाम किया।

बता दें, बारिश से बाधित मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत विंडीज के सामने 35 ओवर में 257 रन का लक्ष्य रखा था। जिसके जवाब में वेस्टइंडीज टीम मात्र 26 ओवरों में 137 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम की ओर से युवा ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल ने 98 गेंदों में 98* रन बनाए। वो इस मुकाबले में अपना शतक पूरा नहीं कर पाए लेकिन उनकी यह पारी काफी लंबे समय तक सबको याद रहेगी।

मुकाबले के बाद ड्रेसिंग रूम में भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने अपनी टीम के युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने तीनों ही वनडे मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है और साथ ही उनको यह देख कर अच्छा लगा कि मुश्किल मुकाबलों में टीम ने हार नहीं मानी और मैच अपने नाम किया जो इस सीरीज में काफी अच्छी बात रही। उन्होंने कप्तान शिखर धवन और टीम के बाकी लोगों की भी जमकर तारीफ की।

जिस तरीके से युवा खिलाड़ियों ने तीनों मुकाबलों में प्रदर्शन किया वह काफी सराहनीय है: राहुल द्रविड़

BCCI ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें मुख्य कोच और कप्तान टीम को संदेश दे रहे हैं। इस वीडियो में राहुल द्रविड़ कहते हुए नजर आ रहे हैं कि, ‘काफी अच्छी सीरीज रही, सभी ने काफी अच्छा खेला। हम लोग यहां एक युवा टीम के साथ आए थे। कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने इंग्लैंड सीरीज में तो खेला लेकिन इस सीरीज में उन्हें शामिल नहीं किया गया। मैं अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी खुश हूं।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘जिस तरीके से युवा खिलाड़ियों ने तीनों मुकाबलों में प्रदर्शन किया वह काफी सराहनीय है। दो मुकाबले काफी मुश्किल थे लेकिन सभी खिलाड़ियों ने काफी दमदार प्रदर्शन किया और मैं शिखर धवन और टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी बधाई देना चाहता हूं।

युवा खिलाड़ियों के लिए शिखर धवन ने दिया यह संदेश

शिखर धवन ने सभी टीम के लोगों और सपोर्ट स्टाफ को धन्यवाद कहा। धवन को भरोसा है कि सभी खिलाड़ी काफी बड़े हैं इसीलिए आज वह इस मुकाम पर हैं लेकिन उन्हें अभी काफी आगे जाना है।

शिखर धवन ने कहा कि, ‘बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट में सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। तुम सब युवा हो और सब में चुनौतियों से लड़ने की कला है। आज जिस मुकाम में तुम सब हो अभी भविष्य में इससे भी काफी आगे जाना है। मुझे पूरा भरोसा है कि सभी खिलाड़ी काफी आगे जाएंगे।

इसी के साथ शिखर धवन ने सबसे कहा कि, ‘इससे पहले मैं अपनी बात खत्म करूं, मैं चाहता हूं कि सभी लोग खड़े हो जाए (फोटो के लिए) और मैं जब कहूंगा कि ‘हम कौन हैं’ तो सब चलाएंगे कि, ‘हम लोग चैंपियन हैं।’

close whatsapp