एशिया कप 2022 से पहले दानिश कनेरिया ने विराट कोहली को लेकर पाकिस्तान को दी चेतावनी
दानिश कनेरिया ने कहा विराट कोहली एशिया कप में धमाकेदार वापसी करेंगे।
अद्यतन - अगस्त 24, 2022 4:55 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आगामी एशिया कप 2022 में विराट कोहली को अपना बल्ला नहीं खोलने देना चाहिए, वरना भारतीय बल्लेबाज को रोकना उनके लिए लगभग असंभव होगा। आपको बता दें, एशिया कप 2022 संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 27 अगस्त को शुरू हो रहा है, जहां पाकिस्तान और भारत का आमना-सामना 28 अगस्त को दुबई में होगा।
हालांकि, विराट कोहली का बल्ला काफी लंबे समय से सो रहा है, और खुद भारतीय बल्लेबाज लंबे ब्रेक के बाद मैदान में वापसी कर रहे है, और वह आगामी एशिया कप 2022 में अपना फॉर्म हासिल करने की पूरी कोशिश करेंगे, और दानिश कनेरिया का मानना है कि पाकिस्तान को ऐसा होने देने से रोकना होगा।
विराट कोहली इस एशिया कप में धमाकेदार वापसी करेंगे: दानिश कनेरिया
पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर ने आगे कहा कि कोहली के फॉर्म में लौटने के बाद उनका बल्ला शांत करा पाना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होने वाला है, लेकिन उन्हें पूरा यकीन है कि टीम इंडिया के पूर्व कप्तान आगामी एशिया कप 2022 में अपना फॉर्म दोबारा हासिल करेंगे।
दानिश कनेरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा: “विराट कोहली के फॉर्म को लेकर हो रही चर्चाओं से पाकिस्तानी खिलाड़ियों के मन में डर घर कर जाएगा, उन्हें पता है कि भारतीय दिग्गज जोरदार वापसी कर सकता है। पाकिस्तान के लिए कोहली को फॉर्म में वापस न आने देना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होगा। अगर वह बल्ले के साथ अपना फॉर्म वापस पा ले लेता है, तो फिर उसे रोकना असंभव हो जाएगा।
विराट कोहली के लिए एशिया कप 2022 काफी अहम होने वाला है। उन्हें इस टूर्नामेंट में रन बनाने होंगे, वह असफल होने का जोखिम नहीं उठा सकते, क्योंकि बहुत सारे खिलाड़ी कतार में खड़े हैं। मुझे लगता है कि आलोचकों को चुप कराने का समय आ गया है, वह इस एशिया कप में धमाकेदार वापसी करेंगे।”