टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले शेन वॉटसन ने केएल राहुल को सुझाया सफलता का मंत्र; बुमराह की चोट को लेकर भारत को दिया अहम मश्वरा
शेन वॉटसन ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए जसप्रीत बुमराह का रिप्लेसमेंट सुझाया।
अद्यतन - Oct 3, 2022 12:44 pm

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने कहा है कि भारत के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को खुलकर बल्लेबाजी करनी चाहिए, क्योंकि उनका स्ट्राइक रेट पिछले कुछ समय से चर्चा का विषय रहा है। उनका मानना है कि अगर राहुल इस रवैये के साथ बल्लेबाजी करते हैं कि उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं है, तो वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं, जिसकी टीम इंडिया को आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में बहुत जरुरत पड़ने वाली है।
शेन वॉटसन ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा: “केएल राहुल मेरे पसंदीदा बल्लेबाजों में से एक हैं। मेरे अनुसार वह सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी तब कर रहा होता है, जब वह आक्रामक होता है, वह खेल को आगे बढ़ाता है और खेल को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं कर रहा होता है। राहुल के पास वह हुनर है, जब वह नीचे आने वाली गेंद पर प्रतिक्रिया कर रहा होता है, तो उसके पास दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ मैदान के चारों ओर लगाने के लिए सभी शॉट होते हैं।
शेन वॉटसन ने केएल राहुल को सुझाया सफलता का मंत्र
मुझे राहुल की बल्लेबाजी देखने में सबसे ज्यादा आनंद तब आता है, जब उसे लगता है कि उसके पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है, और ये वो घड़ी है जहां वह बिना ज्यादा जोखिम उठाए 180 रन भी बना सकता है। अगर वह आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में ऑस्ट्रेलिया में ऐसा कर पाता है, तो कई धुरंधर गेंदबाज मुश्किल में पड़ जाएंगे।”
इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की बल्लेबाजी मजबूत नजर आ रही है, लेकिन उनकी गेंदबाजी चिंता का विषय है, खासकर उनका तेज गेंदबाजी विभाग जो इस समय कमजोर दिख रहा है। इसका मुख्य कारण जसप्रीत बुमराह का कथित तौर पर टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होना है। हालांकि, बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन अगर ऐसा होता है तो फिर वॉटसन चाहते हैं कि मोहम्मद सिराज उनकी जगह टीम में आए।
मोहम्मद सिराज जसप्रीत बुमराह का सही प्रतिस्थापन हो सकते हैं: शेन वॉटसन
शेन वॉटसन ने अंत में कहा: “भारत के पास टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए बेहद मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप है, जो ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में अविश्वसनीय रूप से शानदार प्रदर्शन कर सकते है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल उनकी तेज गेंदबाजी को लेकर है। अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल दुनिया के किसी भी कोने में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन बुमराह के बिना भारत की तेज गेंदबाजी कमजोर है, और ऑस्ट्रेलिया में भारत की कमजोरी बेनकाब होने में जरा भी देर नहीं लगेगी।
अगर बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो जाते हैं, तो भारत के लिए चीजें बहुत ज्यादा मुश्किल होने वाली है। ऐसी स्थिति में भारत को एक्सप्रेस गति की कमी होगी, जिसकी उन्हें ऑस्ट्रेलिया में बहुत जरुरत पड़ने वाली है और इस जरुरत को मोहम्मद सिराज काफी हद तक पूरा कर सकते है।”