क्या आपको पता है धोनी किसे मानते हैं अपना रोल मॉडल?
एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने जीते थे तीन आईसीसी ट्रॉफी।
अद्यतन - अक्टूबर 14, 2022 10:27 पूर्वाह्न

एमएस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है लेकिन दुनियाभर में उनकी लोकप्रियता अभी भी सबसे ज्यादा है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को एक से बढ़कर एक कई यादगार जीत दिलाई और इसके लिए फैंस आज भी उन्हें खूब प्यार और सम्मान देते हैं। अपने शानदार कप्तानी के लिए जाने जाने वाले, धोनी ने भारत को 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप जीत दिलाई।
इसके बाद टीम इंडिया ने उनकी कप्तानी में 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की थी। विकेटकीपर बल्लेबाज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16 शतकों और 108 अर्द्धशतकों की मदद से 17000 से अधिक रन बनाए। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं।
उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने चार आईपीएल ख़िताब अपने नाम किया है। क्रिकेटरों की कई मौजूदा पीढ़ी धोनी को एक महान कप्तान के रूप में पहचानती हैं लेकिन अब एमएस धोनी ने खुलासा किया है कि उनके क्रिकेटिंग रोल मॉडल हमेशा सचिन तेंदुलकर रहे हैं।
धोनी ने बताया अपने क्रिकेटिंग रोल मॉडल का नाम
हाल ही में धोनी, एमएस धोनी ग्लोबल स्कूल में एक कार्यक्रम में भाग ले रहे थे, जहां उन्होंने एक नई अकादमी, सुपर किंग्स अकादमी का भी उद्घाटन किया। सीएसके ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर अपने कप्तान के रोल मॉडल के बारे में बात करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया है और यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
धोनी क्रिकेटिंग रोल मॉडल वाले सवाल का जवाब देते हुए कहा कि, “मेरे लिए एक क्रिकेट रोल मॉडल हमेशा सचिन तेंदुलकर रहे हैं। मैं बिल्कुल तुम लोगों जैसा था। सचिन तेंदुलकर को खेलते हुए देखा और हमेशा सोचा कि मैं उनकी तरह खेलना चाहता हूं। बाद में, मुझे एहसास हुआ कि मैं उनकी तरह नहीं खेल सकता लेकिन अंदर ही अंदर, मैं हमेशा ही उनकी तरह खेलना चाहता था। तो वह मेरे लिए क्रिकेट के आदर्श थे।”