सुरेश रैना ने बताया ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक में से कौन होगा WC में टीम इंडिया का X फैक्टर
रैना ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में हो रहे T20 वर्ल्ड कप में ऋषभ पंत X फैक्टर की भूमिका में होंगे।
अद्यतन - अक्टूबर 16, 2022 10:16 अपराह्न

T20 वर्ल्ड कप 2022 की शुरुआत हो चुकी है। इस बार T20 वर्ल्ड कप का आठवां सीजन ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में 16 अक्टूबर से लेकर 13 नवंबर के बीच खेला जाएगा। भारत इस बड़े टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महा मुकाबले के साथ करेगा।
हालांकि उससे पहले टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक प्रैक्टिस मैच भी खेलना है और इस सब के बीच टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर और दिग्गज खिलाड़ी सुरेश रैना ने ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि टी-20 वर्ल्ड कप में इन दोनों में से कौन X फैक्टर की भूमिका होगा
रैना ने बताया कौन होगा X फैक्टर:
T20 क्रिकेट वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले सुरेश रैना ने ऋषभ पंत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में हो रहे T20 वर्ल्ड कप में ऋषभ पंत X फैक्टर की भूमिका में होंगे, क्योंकि अगर आप उनके पिछले प्रदर्शन को देखें, तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में रहते हुए काफी रन बनाए हैं और गाबा टेस्ट मैच में ऐतिहासिक जीत तो आपको याद होगी, जब ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई थी।
जी न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में सुरेश रैना ने कहा कि, ‘वह एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी है जिसने ऑस्ट्रेलिया में रन बनाए हैं। उसने गाबा में शतक भी लगाया है और वह X फैक्टर की भूमिका में हो सकता है। इस समय टीम इंडिया में एक नंबर से लेकर 6 नंबर तक कोई भी लेफ्ट हैंड बल्लेबाज नहीं है तो यह भारतीय थिंक टैंक को सोचना होगा कि ऋषभ पंत का इस्तेमाल कैसे किया जाए। यह बहुत महत्वपूर्ण है, वह बहुत अच्छा प्लेयर है और जानता है कि प्रेशर में किस तरीके से बल्लेबाजी करनी है।
टीम मैनेजमेंट को लेना होगा अहम फैसला- सुरेश रैना
अब यह मैनेजमेंट तय करेगा कि पंत और दिनेश कार्तिक को कैसे प्लेइंग इलेवन में चुना जाए। हालांकि पिछले कुछ समय से टीम इंडिया पंत की बजाए कार्तिक को प्लेइंग इलेवन में मौका देने में लगी हुई है। जहां कार्तिक गहरी छाप छोड़ने में कामयाब रहे हैं वहीं पंत के साथ ऐसा नहीं है, उन्हें स्टार्ट तो मिलता है लेकिन कई मौके पर वह गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हो जाते हैं।
इसके बाद रैना ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि 2007, 2011 और 2013 में भारत को ट्रॉफी जिताने में लेफ्ट हैंड बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फिर चाहे वह ओपनिंग में गौतम गंभीर मिडिल ऑर्डर में युवी पा और मैं, हम तीनों ने ही शानदार तरीके से बल्लेबाजी कर, लेफ्ट हैंड गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाए हैं। इसलिए ऋषभ पंत का टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में होना फायदेमंद साबित हो सकता है।