अश्विन का ध्यान इस वक्त टीम इंडिया से ज्यादा पाकिस्तान पर है!
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगा।
अद्यतन - अक्टूबर 20, 2022 10:05 पूर्वाह्न

भारत और पाकिस्तान इस साल तीसरी बार 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर 12 मैच में आमने-सामने होंगे। इस साल अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच कुल दो मैच खेले गए हैं जिसमें से दोनों को एक-एक में जीत मिली है। चूंकि इस मैच की गिनती दुनिया के सबसे बड़े मैचों में से की जाती है इसलिए पिछले कुछ दिनों से तमाम एक्सपर्ट्स दोनों टीमों की ताकत और कमजोरियों का विश्लेषण कर रहे हैं।
इसी बीच टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बारे में बात की और और एक बाएं हाथ के बल्लेबाज की प्रशंसा की, जो दोनों टीमों के बीच अंतर पैदा कर सकता है। 36 वर्षीय अश्विन जो अपने विपक्षी टीम की ताकत का विश्लेषण करने में माहिर हैं उन्होंने पाकिस्तान की टीम से मोहम्मद नवाज को ‘पावर प्लेयर’ खिलाड़ी बताया है।
अश्विन ने जमकर की मोहम्मद नवाज की तारीफ
अश्विन ने बताया कि, जिस तरह से टी-20 फॉर्मेट में नवाज ने खुद को आगे बढ़ाया है वो तारीफ के काबिल है। साथ ही उन्होंने नवाज की गेंदबाजी के विविधता के बारे में भी बात की। अश्विन ने मॉडर्न डे क्रिकेट में बाएं हाथ के बल्लेबाजों के अहमियत को लेकर भी बात की और साथ ही में खेल के महत्वपूर्ण चरणों में नवाज के चौतरफा प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ने के बारे में बताया।
अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में अश्विन ने कहा कि, “टी-20 क्रिकेट में मोहम्मद नवाज का कद काफी बढ़ गया है। वह एक पावर प्लेयर हैं और बाएं हाथ के होने की वजह से उनकी गेंदबाजी में कई विविधताएं भी हैं।”
ऑफ स्पिनर ने आगे कहा कि, “आधुनिक समय के क्रिकेट में, टीम में एक बाएं हाथ के बल्लेबाज होना काफी जरूरी है। इसके अलावा, वे पाकिस्तान के लिए 4 ओवर गेंदबाजी भी करते हैं। वह टीम को लगातार फायदा पहुंचा रहे है और बल्ले के साथ भी वह अपना कमाल दिखा रहे हैं।”