भारत महिला क्रिकेट टीम को इस समय एक व्यवस्थित कोच की जरूरत है: झूलन गोस्वामी
जो भी वहां है उन्हें पूरी तरीके से हमें सपोर्ट करना चाहिए और उसके बाद अपना बयान देना चाहिए: झूलन गोस्वामी
अद्यतन - Dec 28, 2022 8:54 am

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने ही घर में टी-20 सीरीज से कुछ दिन पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक हैरान कर देने वाला फैसला लिया और भारत की महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रमेश पवार को नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) भेज दिया।
यह फैसला लेना महिला टीम पर भारी पड़ा और उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों अपने ही घर में 1-4 से करारी मात मिली। टीम के पास ना तो मुख्य कोच था और ना ही विशेषज्ञ गेंदबाज कोच। इन दोनों की जगह सिर्फ ऋषिकेश कानिटकर को बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया था।
बता दें, भारतीय महिला टीम इस समय के ICC टी-20 टीम की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और अब वो फरवरी 2023 में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में प्रतिभाग करेंगी। हालांकि अभी तक इस बात को लेकर कोई भी खबर सामने नहीं आई है कि आखिर मुख्य कोच की जगह कौन भरेगा? भारत की पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने दिलीप सरदेसाई मेमोरियल लेक्चर में बात करते हुए कहा कि BCCI को कोच और सपोर्ट स्टाफ का पूरा ध्यान रखना चाहिए और टीम को परेशानियों से बाहर निकालना चाहिए।
कोच के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए मैं कभी भी BCCI अधिकारी के पास नहीं गई: झूलन गोस्वामी
झूलन गोस्वामी ने कहा कि, ‘मैं इस पर इसलिए कोई बयान नहीं दे पाऊंगी क्योंकि मैं ड्रेसिंग रूम का हिस्सा नहीं थी। लेकिन मुझे लगता है कि चीजों को जल्द से जल्द पहले जैसा बनाने की जरूरत है। एक नई सोच और दृष्टि के साथ चीजों को आगे बढ़ाना चाहिए। जो भी वहां है उन्हें पूरी तरीके से हमें सपोर्ट करना चाहिए और उसके बाद अपना बयान देना चाहिए। मुझे नहीं पता कि यह फैसला क्यों लिया गया लेकिन मैं भी यह चाहती हूं कि टीम में एक व्यवस्थित कोच हो और व्यवस्थित सपोर्ट स्टाफ भी।’
बता दें, बिना गेंदबाज कोच के भारतीय टीम पहले दो टी-20 मैच में मात्र 2 विकेट ही ले पाई। तीसरे मैच को हारने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस बात पर हामी भरी कि टीम में एक गेंदबाज कोच की बेहद जरूरत है। रिपोर्ट और अफवाहों की माने तो भारतीय कप्तान और पवार के बीच किसी चीज को लेकर लगातार बहस हो रही थी और इसी वजह से मुख्य कोच को उनके पद से हटा दिया गया।
हालांकि झूलन इस बात का खुलासा किया कि उन्होंने अपने 20 साल के लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में कभी भी किसी कोच को लेकर शिकायत दर्ज नहीं की।
झूलन गोस्वामी ने आगे कहा कि, ‘ सच बताऊं तो मैं अपने 20 साल के लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में कभी भी किसी कोच या सपोर्ट स्टाफ की शिकायत दर्ज करने के लिए BCCI अधिकारी के पास नहीं गई। मैं सिर्फ व्यवस्था और घरेलू मुकाबले कराने के लिए शिकायत दर्ज करने जाती थी। कोच को लेकर मैंने ऐसा कभी नहीं किया।’