बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी: शुरुआती दो टेस्ट मैच के लिए हुआ टीम इंडिया का ऐलान, दोहरा शतक लगाने वाले इस खिलाड़ी की हुई एंट्री
लिमिटेड ओवर क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव को भी पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
अद्यतन - जनवरी 14, 2023 8:28 पूर्वाह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार (13 जनवरी) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी टेस्ट सीरीज में अंगूठे की चोट के कारण बाहर रहने के बाद कप्तान रोहित शर्मा की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। भारत 9 फरवरी से नागपुर में शुरू होने वाली चार मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज खेली जाएगी।
अगर इस टेस्ट टीम में कुछ बड़े बदलाव की बात की जाए तो युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव को पहली बार भारत की रेड-बॉल टीम में शामिल किया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि ऋषभ पंत जो कुछ समय तक क्रिकेट से दूर रहने वाले हैं उनकी जगह ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया है।
जसप्रीत बुमराह अभी भी टीम से हैं बाहर
स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम भी इस टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया है क्योंकि वह अभी भी अपनी चोट से उबर नहीं पाए हैं। जयदेव उनादकट, जो भारत के बांग्लादेश दौरे के दौरान दस साल बाद भारतीय टेस्ट टीम वापसी की थी उन्हें मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव के साथ पहले दो टेस्ट के लिए टीम में जगह मिली है।
जडेजा की हुई वापसी
इसके अलावा रवींद्र जडेजा को भी टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनका चयन फिटनेस के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने आखिरी बार अगस्त 2022 में टेस्ट क्रिकेट खेला था और यूएई में 2022 एशिया कप के दौरान लगी चोट के बाद वो टीम से बाहर चल रहे हैं। रविचंद्रन अश्विन इस सीरीज के दौरान भारत के प्रमुख स्पिन गेंदबाज होंगे, वहीं उनका साथ देने के लिए अक्षर पटेल और कुलदीप यादव भी मौजूद रहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच के लिए भारत की टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत,ईशान किशन, रवि अश्विन,अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, सूर्यकुमार यादव