विराट कोहली के बल्ले से निकला छक्का मैच में खलल डाल गया, तो वहीं क्रिकेट फैन ने छीन ली सारी लाइमलाइट; देखिए वीडियो
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ अंतिम वनडे में 317 रनों की जीत दर्ज कर 3-0 घरेलू सीरीज अपने नाम की।
अद्यतन - Jan 16, 2023 10:40 am

भारत और श्रीलंका के बीच 15 जनवरी को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे में विराट कोहली ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टीम इंडिया के बल्लेबाजी सुपरस्टार का बल्ला इस समय आग उगल रहा है, और भारतीय प्रशंसक स्टेडियम में इसका जमकर लुफ्त उठा रहे हैं।
ऐसा ही एक वाकया तिरुवनंतपुरम में देखने को मिला, जब एक क्रिकेट फैन के कारण भारत बनाम श्रीलंका तीसरे वनडे को बीच में कुछ मिनटों के लिए रोकना पड़ा। दरअसल, विराट कोहली ने लाहिरू कुमारा की एक गेंद को स्टैंड में पहुंचा दिया था, जिसके बाद एक प्रशंसक गेंद को मैदान में फेंकने की बजाय उसके साथ तस्वीरें लेने में व्यस्त हो गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया, क्योंकि इससे मैच में थोड़ी बाधा उत्पन्न हुई।
यह घटना भारतीय क्रिकेट टीम की पारी के 46वें ओवर की पहली गेंद पर देखने को मिली, जब कोहली ने लाहिरू कुमारा की गेंद को छक्के के लिए स्टैंड में हिट किया, जहां कोई भी दर्शक नहीं बैठा था, क्योंकि वह गेंदबाज के हाथ के ठीक पीछे था। इस बीच, गेंद जैसे ही स्टैंड में गिरी, एक दर्शक गेंद को पकड़ने के लिए दौड़ पड़ा।
उन्होंने इसे उठाया और खेल के मैदान पर वापस फेंकने के बजाय उन्होंने अपना सेल फोन निकाला और गेंद की एक तस्वीर क्लिक की, और फिर सेल्फी भी ली। इस पूरी घटना में थोड़ा समय लगा इसलिए मैदान में खिलाड़ियों को गेंद का इंतजार करना पड़ा। इस घटना को देख कमेंटेटर भी हंस पड़े।
यहां देखिए इस घटना का वीडियो
https://twitter.com/minibus2022/status/1614613596398571521?
आपको बता दें, विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में दो शतक लगाए और उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके अलावा, कोहली को अंतिम मैच में नाबाद 166 रनों की तूफानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया, वहीं श्रीलंका को तीनो मैचों में मात झेलनी पड़ी।