सूर्यकुमार यादव को मिला वसीम जाफर का साथ, नंबर 1 टी-20 बल्लेबाज को लेकर पूर्व खिलाड़ी ने रखा अपना पक्ष
सूर्यकुमार यादव मिलियन-डॉलर खिलाड़ी हैं: वसीम जाफर
अद्यतन - Jan 19, 2023 8:28 pm

भारत के पूर्व खिलाड़ी वसीम जाफर का मानना है कि सूर्यकुमार यादव को वनडे प्रारूप में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए कुछ और मुकाबले खेलने होंगे। बता दें, सूर्यकुमार यादव को इस समय न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भारतीय दल में शामिल किया गया है। सूर्यकुमार यादव पहले वनडे में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और मात्र 31 रन बनाकर आउट हो गए।
उन्होंने 31 रन 26 गेंदों में बनाए जिसमें उन्होंने चार चौके भी जड़े। यादव ने शुरुआत अच्छी की लेकिन एक गलत शॉट की वजह से उन्हें वापस पवेलियन लौटना पड़ा। सूर्यकुमार यादव इस समय टी-20 प्रारूप के दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज हैं। 2022 साल उनके लिए काफी शानदार रहा। टी-20 प्रारूप में यादव ने कुल 3 शतक अपने नाम किए थे। वसीम जाफर की माने तो टी-20 क्रिकेट की तरह यादव वनडे क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
वसीम जाफर ने ESPNक्रिकइंफो को बताया कि, ‘मुझे लगता है कि अभी उन्हें सिर्फ टी-20 प्रारूप में खेलने की आदत है। उन्हें पता है कि टी-20 प्रारूप में ज्यादा समय नहीं होता है लेकिन 50 ओवर की बात की जाए तो आपको आराम से अपनी पारी को आगे बढ़ाना चाहिए और यह बात उन्हें समझनी चाहिए। उन्होंने 50 ओवर क्रिकेट ज्यादा नहीं खेला है लेकिन अगर वो इस प्रारूप में थोड़े और मुकाबले खेल लेंगे तो उनको इसकी आदत हो जाएगी।
सूर्यकुमार यादव मिलियन-डॉलर खिलाड़ी है: वसीम जाफर
वसीम जाफर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा चुके पहले वनडे मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी योजना की जमकर तारीफ की लेकिन यह भी बताया कि अगर वो 30 ओवर के बाद उतरे होते तो शायद इससे भी अच्छा प्रदर्शन करते। जाफ़र ने यह भी कहा कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव ने नंबर चार पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और वनडे में भी वो बेहतरीन बल्लेबाजी करेंगे।
जाफर ने आगे कहा कि, ‘सूर्यकुमार यादव मिलियन-डॉलर खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपनी पारी थोड़ी जल्दी शुरू कर दी अगर वो 30 ओवर के बाद अपनी पारी की शुरुआत करते तो शायद बड़ा स्कोर बना सकते थे। उन्हें 35 से 40 ओवर तक बल्लेबाजी करने भेजिए फिर आप देखिएगा कैसे वो टी-20 क्रिकेट खेलते हैं। उनके लिए भी और भारत के लिए भी अच्छा रहेगा की यादव को 30 ओवर के आसपास भेजा जाए।
सूर्यकुमार यादव क्वालिटी खिलाड़ी हैं। उन्होंने मुंबई के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में नंबर चार पर बल्लेबाजी की है और उन्हें पता है कि पारी को कैसे बढ़ाना है। यह उनके लिए कोई नई भूमिका नहीं है।’