पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाजों की गेंदबाजी से नाखुश हैं वसीम अकरम, घरेलू क्रिकेट खेलने की अपील की
वसीम अकरम ने क्रिकेट पाकिस्तान को बताया कि, 'अगर आपको 4 ओवर फेंकने के लिए ज्यादा पैसे मिल रहे हैं तो यह काफी आसान फैसला है।'
अद्यतन - Jan 20, 2023 8:30 pm

पाकिस्तान टीम ने हाल ही में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने ही घर में द्विपक्षीय सीरीज खेली। हालांकि इन दोनों ही सीरीज में मेजबान टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। टीम के तेज गेंदबाज बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे जिसकी वजह से मेजबान को हार का सामना करना पड़ा।
जहां एक तरफ जेम्स एंडरसन, ऑली रॉबिंसन और टिम साउदी ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया वहीं दूसरी ओर हारिस राउफ, मोहम्मद वसीम जूनियर सहित बाकी तेज गेंदबाज अपनी छाप छोड़ने में असमर्थ रहे। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज विकेट लेने में विफल रहे और उन्होंने रन भी काफी लुटाए।
अब इसी को लेकर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने अपना पक्ष रखा है। वसीम अकरम की मानें तो टी-20 क्रिकेट की वजह से पाकिस्तानी तेज गेंदबाज इस प्रारूप में काफी निराशाजनक प्रदर्शन कर रहे हैं।
वसीम अकरम ने क्रिकेट पाकिस्तान को बताया कि, ‘अगर आपको 4 ओवर फेंकने के लिए ज्यादा पैसे मिल रहे हैं तो यह काफी आसान फैसला है। नसीम शाह, मोहम्मद वसीम जूनियर और हारिस राउफ को फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलना चाहिए। PSL के अलावा उन्हें हर साल 1-2 लीग्स खेलने चाहिए और टेस्ट प्रारूप को भी महत्वता देनी चाहिए। हमें 4 दिन वाले मुकाबले भी खेलने चाहिए।’
विदेशी कोच को लेकर वसीम अकरम ने कहीं यह बात
वसीम अकरम ने कहा कि, ‘अगर आप मुझसे पूछे तो मैं आपसे यही कहूंगा कि विदेशी कोच यहां नहीं आने वाले हैं। सभी लोगों को इस बात से काफी डर लग रहा है कि कहीं उनका अनुबंध बोर्ड के बदलते ही खत्म ना हो जाए। अगर आपको विदेशी कोच नहीं मिल रहे हैं तो आपको अपने देश के ही कोचेस को मौका देना चाहिए। इससे तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन में भी काफी फर्क देखने को मिलेगा।’
पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि, ‘हम चाहे जीते या हारे हमें डरना नहीं चाहिए। मैं यह नहीं कहता कि आप पाकिस्तान में बेहतरीन पिच तैयार करें। आपको ऐसी पिच तैयार करनी चाहिए जिसमें गेंदबाजों को भी थोड़ी बहुत मदद मिलें।’