अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद फूट-फूटकर रोई शेफाली वर्मा
मुकाबले के बाद जब शेफाली वर्मा को प्रेजेंटेशन के लिए बुलाया गया तब उनके आंखों में आंसू देखे गए।
अद्यतन - जनवरी 29, 2023 9:33 अपराह्न

भारतीय महिला टीम ने अंडर-19 टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। दक्षिण अफ्रीका के पोचेफस्ट्रूम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को सात विकेट से मात दी। इससे पहले इंग्लैंड की पूरी टीम मात्र 68 रन पर ही सिमट गई थी। भारतीय गेंदबाजों के सामने इंग्लिश बल्लेबाजों की एक ना चली और शुरुआती ओवर से ही उनके विकेट गिरते रहे। इंग्लैंड के केवल चार बल्लेबाज ही 10 रन का आंकड़ा पार कर पाए। भारत की ओर से टी. साधू, पार्श्वी चोपड़ा और अर्चना देवी ने दो-दो विकेट चटकाए।
मुकाबले के बाद भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तान शेफाली वर्मा को रोते हुए देखा गया। यह खुशी के आंसू थे जिनको वो खुद नहीं रोक पाई। मुकाबले के बाद जब शेफाली वर्मा को प्रेजेंटेशन के लिए बुलाया गया तब उनके आंखों में आंसू देखे गए।
ये रही वीडियो:
https://twitter.com/Abdullah__Neaz/status/1619707433269751808?s=20&t=fUPNAaAGX-xKNJzxFlckCg
बता दें, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने इस बात की घोषणा की है कि भारतीय अंडर-19 महिला टीम को 5 करोड़ रुपए दिया जाएगा।
भारतीय टीम ने 69 रन के लक्ष्य को 14 ओवर में ही 3 विकेट खोकर बना लिया। कप्तान शेफाली वर्मा ने शानदार मुकाबले में 11 गेंदों में 1 चौके और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाए। सौम्या तिवारी ने 37 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 24 रन की नाबाद पारी खेली जबकि हृषिता बासु ने 29 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 24 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली।
बता दें, भारतीय महिला टीम ने पहली बार कोई वर्ल्ड कप खिताब जीता है। इससे पहले सीनियर टीम कुछ मौकों पर फाइनल तक तो पहुंचने में सफल रही थी लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थी। अब भारत की युवा ब्रिगेड नेे ये सपना साकार कर दिखाया है।
तमाम भारतीय फैंस महिला टीम के इस प्रदर्शन से काफी खुश हैं। सभी लोगों को महिला टीम के ऊपर काफी गर्व है। इस पूरे टूर्नामेंट में सभी खिलाड़ियों ने कमाल का प्रदर्शन किया और सबसे खास बात यह रही कि भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में बस एक मुकाबला हारी।