चेतन शर्मा का बड़ा खुलासा, कहा टीम इंडिया के खिलाड़ी फिट रहने के लिए लेते हैं इंजेक्शन
टीम इंडिया के वर्तमान चीफ सिलेक्टर हैं चेतन शर्मा
अद्यतन - Feb 15, 2023 11:37 am

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और वर्तमान चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा ने मंगलवार को जी न्यूज द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में कहा है कि टीम इंडिया के खिलाड़ी खुद को फिट रखने के लिए इंजेक्शन लेते हैं।
बता दें कि इस स्टिंग ऑपरेशन में में चेतन शर्मा ने पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और पूर्व कप्तान विराट कोहली व तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर भी बड़े खुलासे किए हैं। साथ ही उन्होंने इस स्टिंग ऑपरेशन में कोहली और गांगुली के विवाद के बारे में भी बताया है।
चेतन शर्मा का बड़ा खुलासा
बता दें कि स्टिंग ऑपरेशन ने अनुसार चेतन शर्मा ने दावा किया है कि टीम इंडिया के खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद इंटरनेशनल लेवल पर क्रिकेट खेलने के लिए इंजेक्शन का प्रयोग करते हैं और इनका पर्सनली इस्तेमाल भी करते हैं।
चेतन ने कहा, जसप्रीत बुमराह को एक बड़ी चोट लगी थी, इसके बाद वह गेंदबाजी करते वक्त झुकने में असमर्थ था। इसके अलावा एक या दो खिलाड़ी हैं जो निजी तौर पर इंजेक्शन लेते हैं और वे खेलने के लिए फिट हैं।
इसके अलावा इस स्टिंग ऑपरेशन में चेतन शर्मा ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व चीफ सौरव गांगुली और पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान व दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है। चेतन ने कहा, दोनों में ईगो को लेकर तनातनी बनी हुई थी।
जब एक क्रिकेटर बड़ा हो जाता है तो वो समझता है कि वह कुछ भी कर सकता है और किसी से भी टक्कर ले सकता है। तो वो (विराट कोहली) प्रेसिडेंट (सौरव गांगुली) के पीछे पड़ गया। सौरव ने मुझसे इस मसले को लेकर एक बात भी नहीं कही। यह एक ईगो का मसला था और कोहली ने कहा कि वो बड़ा है और गांगुली ने कहा वो बड़ा है।