एश्टन एगर को मिला एडम गिलक्रिस्ट का साथ, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर जमकर निकाली अपनी भड़ास - क्रिकट्रैकर हिंदी

एश्टन एगर को मिला एडम गिलक्रिस्ट का साथ, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर जमकर निकाली अपनी भड़ास

दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले को 6 विकेट से जीतकर भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है।

Adam Gilchrist and Ashton Agar (Pic Source-Twitter)
Adam Gilchrist and Ashton Agar (Pic Source-Twitter)

दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले को 6 विकेट से जीतकर भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है। दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया टीम की बल्लेबाजी काफी निराशाजनक रही। टीम एक समय काफी अच्छी स्थिति में थी लेकिन रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की बेहतरीन गेंदबाजी के चलते कंगारू टीम 113 रन पर ऑलआउट हो गई।

ऑस्ट्रेलिया टीम की बल्लेबाजी की पूरे दुनियाभर के लोग जमकर आलोचना कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने भी टीम के चयन को लेकर सवाल उठाए हैं और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को एश्टन एगर को लेकर जमकर फटकार भी लगाई है।

बता दें, एश्टन एगर को ऑस्ट्रेलिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में अपने स्क्वॉड में शामिल किया है लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अभी तक इस सीरीज में एक भी मैच नहीं खेला है। गिलक्रिस्ट के मुताबिक एश्टन एगर को शुरुआती 2 टेस्ट मुकाबलों में प्लेइंग XI में शामिल किया जाना चाहिए था।

SEN रेडियो के साथ बातचीत के दौरान एडम गिलक्रिस्ट ने कहा कि, ‘ऐसी अफवाहें हैं कि एगर अपने घर वापस जाने की एक फ्लाइट पर हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि वो टीम के लिए एक बोझ हैं। हम सब जानते हैं कि वो कितने अच्छे खिलाड़ी हैं लेकिन उसके बावजूद उन्हें चुना नहीं जा रहा है।

यह सच में उनके लिए बहुत बड़ा अपमान है क्योंकि उन्हें हर दौरे में तो टीम में जगह दी जा रही है लेकिन प्लेइंग XI तक वो पहुंच नहीं पा रहे हैं। आपने उनको अपने खेमे में शामिल क्यों ही किया है? उन्होंने सभी प्रारूपों में काफी क्रिकेट भी खेला हुआ है और वो आपकी पहली पसंद होने चाहिए।’

मैट रेनशॉ को लेकर एडम गिलक्रिस्ट ने बड़ा बयान दिया

शुरुआती दो टेस्ट मुकाबलों को हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया आगामी मैचों में अपनी प्लेइंग XI में कई बदलाव कर सकता है। एडम गिलक्रिस्ट के मुताबिक आगामी मुकाबलों में मैट रेनशॉ को टीम में जगह नहीं मिलेगी।

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने आगे कहा कि, ‘परिस्थिति को देखते हुए आगामी मुकाबलों में तीन स्पिनर्स खेल सकते हैं और ग्रीन भी प्लेइंग XI में शामिल हो सकते हैं। ऐसा लगता है कि अब मैट रेनशॉ को प्लेइंग XI से बाहर कर दिया जाएगा और उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को मौका दिया जा सकता है।’

close whatsapp