फैन्स लगा रहे थे RCB-RCB के नारे… विराट के रिएक्शन ने जीत लिया सभी का दिल, देखें वायरल वीडियो
दिल्ली टेस्ट मैच में विराट कोहली को मैदान पर देख RCB-RCB का नारा लगा रहे थे फैंस।
अद्यतन - फरवरी 21, 2023 3:53 अपराह्न

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आ रही है। दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की घातक गेंदबाजी के चलते 6 विकेट से जीत दर्ज की। इसी बीच दिल्ली टेस्ट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्टेडियम में मौजूद फैंस विराट कोहली को देखकर RCB-RCB का नारा लगा रहे थे। लेकिन विराट कोहली को फैंस की ये हरकत पसंद नहीं आई।
विराट कोहली ने फैंस को यह चीज करने से किया मना
विराट कोहली जहां भी खेलने जाते हैं हर जगह उनके लाखों चाहने वाले मौजूद होते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच विराट कोहली के होम ग्राउंड दिल्ली में खेला गया। इसके चलते भारी मात्रा में विराट के फैंस स्टेडियम पहुंचे थे और कोहली को चियर करते हुए नजर आए थे। इसी बीच दूसरे टेस्ट मैच में जब ऑस्ट्रेलियाई पारी के दौरान विराट स्लिप में तैनात होकर फील्डिंग कर रहे थे।
तब स्टेडियम में मौजूद फैंस RCB-RCB चिल्लाने लगे। जिसे सुनकर विराट कोहली ने अपनी जर्सी की ओर इशारा किया कि वो इस वक्त इंडिया के लिए खेल रहे हैं। जिसके उपरांत कोहली की बात मानकर फैंस इंडिया-इंडिया चिल्लाने लगे। इसके बाद इशारों ही इशारों में कोहली फैंस को और जोर से चीयर करने के लिए कहते हैं और फैंस की सराहना करते हैं।
यहां देखें विराट का वो वीडियो-
Crowd was chanting 'RCB, RCB' – Virat Kohli told to stop it and chant 'India, India'. pic.twitter.com/kMd53wbYRU
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) February 20, 2023
आपको बता दें ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब विराट कोहली ने फैंस की ओर इस तरह का इशारा किया हो। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिंतबर 2022 में नागपुर में खेले गए दूसरे टी-20 मैच के दौरान भी फैंस RCB-RCB का नारा लगा रहे थे। तब भी विराट ने फैंस को ऐसा करने से मना किया था।
वहीं बात करें विराट कोहली के प्रदर्शन की तो ऑस्टेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में वो लय में नजर आए। कोहली पहली पारी में 44 रन तो दूसरी पारी में 20 रन बनाने में कामयाब रहे थे। हालांकि फैंस को अभी भी विराट के बल्ले से एक बड़ी पारी की उम्मीद है। आपको बता दें कि, सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।