IND v AUS: ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी कैमरून ग्रीन ने भारत में जड़ा टेस्ट करियर का पहला शतक
भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में कैमरून ग्रीन ने 114 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - मार्च 10, 2023 3:33 अपराह्न

भारत के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया शानदार नजर आ रही है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फायदा उठाते हुए टीम ने दूसरे दिन में 400 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। पहले दिन में उस्मान ख्वाजा ने शानदार शतकीय पारी खेली थी।
पहले दिन के अंत तक उस्मान ख्वाजा 104 और कैमरून ग्रीन 49 रन पर क्रिज पर मौजूद थे। दूसरे दिन के शुरूआत से ही दोनों खिलाड़ियों ने भारत पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवा बल्लेबाज कैमरून ग्रीन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर भारत की सरजमीं पर अपना पहला टेस्ट शतक जड़ दिया है।
कैमरून ग्रीन ने खेली 114 रनों की पारी
ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी कैमरून ग्रीन इंजरी के चलते भारत के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों से बाहर थे। लेकिन तीसरे टेस्ट मैच से कैमरून ग्रीन ने वापसी की और उसके बाद से ऑस्ट्रेलियाई टीम की बल्लेबाजी क्रम मजबूत नजर आ रही है। तीसरे टेस्ट मैच में कैमरून ग्रीन ने सूझबूझ दिखाते हुए अच्छी बल्लेबाजी की थी।
चौथे टेस्ट मैच में 23 साल के इस युवा खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। भारतीय गेंदबाजों के पास कैमरून ग्रीन की बल्लेबाजी से निपटने के लिए कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। पहले दिन 49 रन पर नाबाद रहने के बाद कैमरून ग्रीन ने अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए 170 गेंदो में 18 चौकों की मदद से 114 रन बनाए।
कैमरून ग्रीन ऑस्ट्रेलिया के छठे खिलाड़ी भी बन गए हैं, जिन्होंने भारत की सरजमीं पर अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ तीसरा टेस्ट मैच जीतकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। अपने शानदार बल्लेबाजी से कैमरून ग्रीन फाइनल में भी जलवा बिखेरते हुए नजर आ सकते हैं।
वहीं बात मैच की करें तो ऑस्ट्रेलिया भारत के गेंदबाजों पर प्रहार करते हुए नजर आ रही है। ऑर्टिकल लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 402 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा (175 रन) और नाथन लियोन (4 रन) पर क्रिज पर मौजूद है।