IPL 2023: गुजरात टाइटंस को लगा बड़ा झटका, पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं केन विलियमसन!
गुजरात की टीम ने उनकी जगह मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर साई सुदर्शन को मौका दिया।
अद्यतन - Apr 1, 2023 3:59 pm

इंडियन प्रीमियर लीग का आगाज होते ही गुजरात टाइटंस की टीम को बड़ा झटका लगा है। दरअसल इस टीम के बेहतरीन खिलाड़ी केन विलियमसन आईपीएल से बाहर हो गए हैं। बता दें आईपीएल 2023 का पहला मुकाबला शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम ने 178 रन बनाए।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम ने 5 विकेट खोकर इस मुकाबले को जीत लिया। हालांकि इस मैच के दौरान ही केन विलियमसन चोटिल हो गए जिसके बाद वह पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। बता दें यह घटना मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की पारी के दौरान 13 वें ओवर में हुई। इस ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ ने शॉट लगाया, जिस पर केन विलियमसन ने कैच पकड़ने की कोशिश की।
बॉउंड्री के पास खड़े केन विलियमसन ने हवा में छलांग लगाकर कैच लेने की कोशिश की हालांकि ऐसा हो नहीं पाया। दरअसल वह कैच तो नहीं पकड़ सके लेकिन उन्होंने अपनी टीम के लिए 2 रन जरूर बचा लिए। लेकिन वहीं इस दौरान छलांग लगाने के कारण केन विलियमसन की घुटने में गंभीर चोट आई। जिसके बाद उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया।
उनकी चोट कितनी गंभीर है ये जांच के बाद ही पता चल सकेगा
वहीं गुजरात की टीम ने उनकी जगह मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर साई सुदर्शन को मौका दिया। उन्होंने बतौर बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी भी की। हालांकि केन विलियमसन के बाहर हो जाने से इस टीम की मुश्किलें जरूर बढ़ गई है।
हालांकि उनकी चोट कितनी गंभीर है ये जांच के बाद ही पता चल सकेगा। लेकिन अब फिलहाल कुछ दिनों तक केन विलियमसन क्रिकेट से दूर रह सकते हैं। बता दें उन्हें गुजरात टाइटंस ने 2 करोड़ की कीमत में खरीदा था और उनसे टीम को काफी उम्मीदें भी थी।