पंजाब किंग्स कैंप से जुड़ते ही नेट्स में पसीना बहाते नजर आए लियम लिविंगस्टोन! - क्रिकट्रैकर हिंदी

पंजाब किंग्स कैंप से जुड़ते ही नेट्स में पसीना बहाते नजर आए लियम लिविंगस्टोन!

दिसंबर 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान लियम लिविंगस्टोन चोटिल हो गए थे।

Liam Livingstone (Photo Source: Twitter)
Liam Livingstone (Photo Source: Twitter)

शिखर धवन की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने आईपीएल के 16वें सीजन की शानदार शुरूआत की है। सीजन के पहले दो मुकाबलों में टीम ने शानदार जीत हासिल की थी। लेकिन पिछले मुकाबले में पंजाब को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला 13 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से होगा।

पंजाब किंग्स के घातक गेंदबाज कगिसो रबाड़ा पिछले मैच से पहले टीम से जुड़े थे। रबाड़ा के बाद अब इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी लियम लिविंगस्टोन भी अब पंजाब किंग्स कैंप से जुड़ चुके हैं। पंजाब किंग्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें लियम लिविंगस्टोन नेट सेशन में अभ्यास करते हुए नजर आ रहे हैं।

गुजरात के खिलाफ मैच से पहले अभ्यास में जुटे लियम लिविंगस्टोन

इंग्लैंड के खिलाड़ी लियम लिविंगस्टोन घुटने की चोट के चलते लंबे समय से क्रिकेट से दूर थे। दिसंबर 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू के दौरान लिविंगस्टोन चोटिल हो गए थे। आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने लियम लिविंगस्टोन को 11.50 करोड़ रूपए में खरीदा था।

पिछले सीजन लिविंगस्टोन ने 14 मैचों में 182.08 के स्ट्राइक रेट से 437 रन बनाए थे। पिछले हफ्ते ही रिपोर्ट आई थी लियम लिविंगस्टोन अब चोट से उबर चुके हैं और अब वह जल्द ही पंजाब किंग्स के कैंप से जुडेंगे।

पंजाब किंग्स कैंप से जुड़ते ही लियम लिविंगस्टोन ने नेट सेशन में अभ्यास करना शुरू कर दिया है। पंजाब किंग्स ने हाल ही में लियम लिविंगस्टोन का एक वीडियो ट्विटर पर साझा किया है। वीडियो शेयर करते हुए फ्रेंचाइजी ने लिखा है, ‘देखो कौन वापस आया है, लियम वापस आ गए हैं अब अपने दोस्तों को बता दीजिए।’

यहां देखें पंजाब किंग्स द्वारा साझा किया गया वो वीडियो-

पंजाब किंग्स की गेंदबाजी और बल्लेबाजी क्रम दोनों ही काफी ज्यादा मजबूत नजर आ रही है। गुजरात टाइटंस को पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स से 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। दोनों ही टीमें आगामी मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाते हुए नजर आएगी।

close whatsapp