CSK vs RR: अंतिम समय पर ऋतुराज गायकवाड़ ने संदीप शर्मा को गेंद फेंकने से रोका, जानें क्या है पूरा मामला - क्रिकट्रैकर हिंदी

CSK vs RR: अंतिम समय पर ऋतुराज गायकवाड़ ने संदीप शर्मा को गेंद फेंकने से रोका, जानें क्या है पूरा मामला

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 17वां लीग मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच में खेला जा रहा है।

Ruturaj Gaikwad and Sandeep Sharma (Pic Source-Twitter)
Ruturaj Gaikwad and Sandeep Sharma (Pic Source-Twitter)

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 17वां लीग मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच में खेला जा रहा है। यह मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में हो रहा है। इस मैच की दूसरी पारी के पहले ओवर में CSK के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ संदीप शर्मा की गेंद पर एकदम अंतिम समय पर हट गए। संदीप शर्मा ऋतुराज गायकवाड़ की इस हरकत को नहीं समझ पाए और गेंद उनके हाथ से छूट गई जो सीधा CSK बल्लेबाज को जा लगी।

हालांकि संदीप शर्मा तुरंत ऋतुराज गायकवाड़ के पास आए और उनसे माफी मांगी। ऋतुराज गायकवाड़ ने संदीप शर्मा को बताया कि उनके पीछे दर्शकदीर्घा में कुछ लोग चल रहे थे जिसकी वजह से उन्हें थोड़ी परेशानी हुई और इसी वजह से उन्होंने एकदम अंतिम समय पर RR के गेंदबाज को रुकने को कहा।

चेन्नई सुपर किंग्स को यह मैच जीतने के लिए 176 रनों की दरकार

मुकाबले की बात की जाए तो राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 175 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने 36 गेंदों में 1 चौके और तीन छक्कों की मदद से 52 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 26 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 38 रन की पारी खेली। रविचंद्रन अश्विन ने 22 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन की बहुमूल्य पारी खेली जबकि शिमरॉन हेटमायर ने 18 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन का नाबाद योगदान दिया।

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से आकाश सिंह ने 4 ओवर में 40 रन देकर दो विकेट झटके। तुषार देशपांडे ने चार ओवर में 37 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए जबकि रवींद्र जडेजा ने 4 ओवर में 21 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मोइन अली ने 1 विकेट अपने नाम किया। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ इस मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 10 गेंदों में मात्र 1 चौके की मदद से 8 रन ही बना पाए। चेन्नई को यह मैच जीतने के लिए 176 रनों की जरूरत है।

बता दें, दोनों ही टीमों ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में तीन तीन मुकाबले खेले हैं जिसमें दोनों ही टीमों ने दो-दो मुकाबलों में जीत दर्ज की है। यह महेंद्र सिंह धोनी का CSK के कप्तान के रूप में 200वां IPL मुकाबला है।

close whatsapp