‘अगर रसेल का बल्ला चल गया तो फिर..’- KKR और SRH मैच से पहले आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
आईपीएल 2023 का 19वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा।
अद्यतन - Apr 14, 2023 5:16 pm

आईपीएल 2023 का 19वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 3 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। टीम इस मुकाबले में भी जीत के मोमेंटम को बरकरार रखना चाहेगी।
वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल टीम के लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। लेकिन आईपीएल के इस सीजन में अब तक रसेल अपना कमाल दिखा पाने में नाकामयाब रहे हैं। इसी बीच कोलकाता के आगामी मुकाबले से पहले आकाश चोपड़ा ने आंद्रे रसेल को लेकर बड़ा बयान दिया है।
रसेल का बल्ला अब तक नहीं बोला है- आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले से पहले अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘कोलकाता ऐसी टीम नजर आ रही हैं जिनमें काफी ज्यादा दिक्कतें हैं। आंद्रे रसेल का बल्ला अब तक नहीं बोला है। ऐसा लग रहा है कुछ छूट रहा है। रिंकु सिंह, वेंकटेश अय्यर और नीतिश राणा ने रन बनाए हैं।’
आकाश चोपड़ा का मानना है कि गुजरात टाइटंस की तरह कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे से भी हर मैच में नए हीरो निकल सकते हैं। ‘रहमनुल्लाह गुरबाज ने भी एक मैच में रन बनाए। अगर रसेल रन बनाना शुरू कर दें तो फिर टीम और ज्यादा अच्छा करेगी।’
वेंकटेश अय्यर ओपन कर सकते हैं- आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने आगे बात करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी अपनी राय रखी। आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘वेंकटेश अय्यर ने पिछले दो मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की। लेकिन उसका बैटिंग ऑर्डर ऊपर-नीचे होते रहता है। वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं। या तो वह ओपन कर सकते हैं या फिर नंबर-4 पर नजर आ सकते हैं।’
‘जगदीशन रहमनुल्लाह गुरबाज के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं या फिर वेंकटेश अय्यर को ओपन करने का मौका मिल सकता है। इस मैच में अंकुल रॉय भी नजर आ सकते हैं। वहीं नीतिश राणा का फॉर्म भी वापस आ चुका हैं। और रिंकु सिंह तो अविश्वसनीय हैं।’