‘वनडे मैचों की गेंदबाजी अलग होती है..’- हारिस रऊफ और शाहीन अफरीदी के प्रदर्शन पर आगबबूला हुए रमीज राजा
पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में 5 विकेट से जीत दर्ज की थी।
अद्यतन - Apr 29, 2023 1:13 pm

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। पाकिस्तान ने पहले वनडे में 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैच 29 अप्रैल को खेला जाएगा, जिसमें पाकिस्तान दबदबा कायम रखना चाहेगी। लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा गेंदबाजों के प्रदर्शन से नाखुश नजर आ रहे हैं।
दरअसल हारिस रऊफ और शाहीन अफरीदी दोनों ही गेंदबाजों पहले वनडे मैच में महंगे साबित हुए थे। रऊफ ने 10 ओवर में 65 रन तो वहीं शाहीन अफरीदी ने 10 ओवर में 63 रन दिए थे। रमीज राजा ने दोनों ही गेंदबाजों को गति पर काम करने का हिदायत दी है।
हारिस रऊफ को गति बढ़ाने की जरूरत है- रमीज राजा
रमीज राजा का मानना है कि हारिस रऊफ की गेंदबाजी टी-20 क्रिकेट के लिए बिल्कुल सही है। लेकिन वनडे क्रिकेट में हारिस रऊफ को स्पीड बढ़ाने की जरूरत है। वरना वो विरोधियों के सामने कारगार साबित नहीं हो पाएंगे। रमीज राजा ने रऊफ की गेंदबाजी को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘वह या तो अच्छी यॉर्कर फेंकता है या उसकी गति में अच्छा बदलाव होता है।’
रमीज राजा ने आगे कहा, ‘टी-20 में जब बल्लेबाज मौके देते हैं तो वह आसानी से विकेट लेता है। लेकिन वनडे मैचों में गेंदबाजी अलग होती है और मुझे लगता है अधिक प्रभावी होने के लिए उसे अपनी गति बढ़ाने की जरूरत है। कुल मिलाकर उसकी गति कम हो गई है मुझे नहीं पता कि वह खुद कम गति से गेंदबाजी कर रहा है या नहीं? मान लीजिए कि 10 ओवर का स्पेल है तो मैं समझ सकता हूं कि 2-3 ओवरों में बहुत अधिक गति नहीं है। लेकिन उसको अपनी गति बढ़ाने की जरूरत है।’
शाहीन अफरीदी को लेकर रमीज राजा के कही यह बात
रमीज राजा ने शाहीन अफरीदी की गेंदबाजी स्पीड पर आगे बात करते हुए कहा, ‘शाहीन अफरीदी को भी अपनी 136 औसत की गति को बढ़ाने की जरूरत है। ऐसी पिचों पर आपको अपनी गेंदबाजी को लेकर अच्छी समझ होनी चाहिए। क्योंकि आप जानते हैं कि आपको ज्यादा साइडवे मूवमेंट नहीं मिलेंगे। इसलिए आपको गति में बदलाव की प्रक्रिया को विकसित करने की जरूरत है।’