‘ब्रायन लारा ने मुझसे कहा था कि तेज गेंदबाजो को….’- DC के खिलाफ शानदार पारी के बाद अभिषेक शर्मा ने किया बड़ा खुलासा
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने 36 गेंदो में 67 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - अप्रैल 30, 2023 5:02 अपराह्न

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 9 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 197 रन बोर्ड पर लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स 6 विकेट के नुकसान पर मात्र 188 रन ही बना पाई। इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ की उम्मीदें भी जीवंत रखी है।
सनराइजर्स हैदराबाद के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 36 गेंदो में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 67 रनों की पारी खेली थी। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत के बाद अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
प्लान था कि बस गेंद को देखो और हिट करो- अभिषेक शर्मा
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार पारी के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने खुलासा किया कि ब्रायन लारा के सुझाव के चलते ही वह एक शानदार पारी खेल पाए हैं। अभिषेक शर्मा ने इंडिया टूडे पर बात करते हुए कहा, ‘यह थोड़ा धीमा था, स्लोवर गेंदें काफी ज्यादा धीमे से आ रही थी और रूक रही थी। प्लान यही था कि कुछ ज्यादा नहीं करना हैं बस गेंद को देखो और फिर हिट करो।’
अभिषेक शर्मा ने आगे कहा, ‘ब्रायन लारा ने मुझे पावरप्ले में तेज गेंदबाजों के खिलाफ जाने को कहा था। और यही मेरा प्लान था और खुशनसीबी से यह अच्छा गया। जब मैं खेल रहा था तो विकेट गिर रहे थे इसलिए मैं 180 सोच रहा था था। लेकिन हमने उससे ज्यादा रन बोर्ड पर लगाए, इसलिए मैं खुश हूं।’
शानदार गेंदबाजी के चलते हैदराबाद ने दर्ज की जीत
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को झटका जल्दी लगा था। जब कप्तान डेविड वॉर्नर पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार के हाथों शून्य पर आउट हो गए। लेकिन फिर मिचेल मार्श और फिलिप सॉल्ट के बीच 112 रनों की मजबूत साझेदारी हुई। दोनों की शानदार बल्लेबाजी से मैच हैदराबाद के हाथ से जाता दिख रहा था।
लेकिन पारी के 12वें ओवर में फिलिप सॉल्ट 59 रन मयंक मारकंडे के हाथों आउट हुए। और 14वें ओवर में मिचेल मार्श 63 रन पर अकील हुसैन के हाथों पवेलियन लौटे। जिसके बाद दिल्ली के लिए मुश्किलें बढ़ती गई। अक्षर पटेल ने 14 गेंदो में 29 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।