आयरलैंड के हैरी टेक्टर ने आईसीसी मेन्स वनडे प्लेयर रैंकिंग में कोहली, रोहित, डी कॉक, बटलर को पछाड़कर रचा इतिहास - क्रिकट्रैकर हिंदी

आयरलैंड के हैरी टेक्टर ने आईसीसी मेन्स वनडे प्लेयर रैंकिंग में कोहली, रोहित, डी कॉक, बटलर को पछाड़कर रचा इतिहास

हैरी टेक्टर को जल्द अपनी रैंकिंग में और सुधार करने का मौका मिलेगा!

Harry Tector. (Image Source: Twitter)
Harry Tector. (Image Source: Twitter)

आयरलैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी टेक्टर ने नवीनतम आईसीसी मेन्स वनडे प्लेयर रैंकिंग में भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली, दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को पछाड़ दिया है।

हैरी टेक्टर बल्लेबाजों के लिए नवीनतम आईसीसी मेन्स वनडे प्लेयर रैंकिंग में नौ स्थानों की बढ़त के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि विराट कोहली (आठवें), क्विंटन डी कॉक (नौवें) और रोहित शर्मा (दसवें) एक-एक स्थान नीचे खिसक गए हैं। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम अभी भी दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बने हुए हैं।

हैरी टेक्टर ने आईसीसी ODI प्लेयर रैंकिंग में आयरलैंड बल्लेबाज द्वारा हाईएस्ट रेटिंग हासिल की

इसी के साथ हैरी टेक्टर आईसीसी मेन्स वनडे प्लेयर रैंकिंग में टॉप-10 में जगह बनाने वाले आयरलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। दाएं-हाथ के बल्लेबाज के पास वर्तमान में 722 अंक हैं, और इसी के साथ स्टार बल्लेबाज ने पॉल स्टर्लिंग (जून 2021 में 697 अंक) को पछाड़ते हुए वनडे क्रिकेट में आयरलैंड पुरुष क्रिकेटर द्वारा सर्वाधिक अंक हासिल करने का कारनामा किया है।

इस बीच, हैरी टेक्टर ने बांग्लादेश के खिलाफ हालिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए 72 रेटिंग अंक प्राप्त किए हैं, जिसके चलते वह नौ स्थानों की छलांग लगाते हुए सातवें स्थान पर पहुंच गए। 23-वर्षीय बल्लेबाज ने इस वनडे सीरीज में सबसे अधिक तीन पारियों में 103 के औसत से 206 रन बनाए।

टेक्टर को अपनी रैंकिंग में और सुधार करने का मौका मिलेगा जब आयरलैंड जून-जुलाई में जिम्बाब्वे में आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2023 में भाग लेगा। इस दौरान छटवें स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर और पांचवे स्थान पर काबिज भारत के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल की स्थिति खतरे में रहेगी। आपको बता दें, आयरलैंड के कप्तान एंडी बालबर्नी ने हाल ही में कहा था कि टेक्टर में आगे बढ़ने और आयरिश क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक बनने के सभी गुण हैं।

close whatsapp