WTC 2023 Final: स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल किया अपने नाम - क्रिकट्रैकर हिंदी

WTC 2023 Final: स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल किया अपने नाम

पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 85 ओवर में 3 विकेट खोकर 327 रन बना लिए हैं।

WTC 2023 Final (Pic Source-Twitter)
WTC 2023 Final (Pic Source-Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल का आज पहला दिन संपन्न हुआ। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 85 ओवर में 3 विकेट खोकर 327 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ 227 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 95* रन पर खेल रहे हैं जबकि ट्रेविस हेड ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 156 गेंदों में 22 चौके और एक छक्के की मदद से 146* रनों की शानदार पारी खेली।

दोनों के बीच अभी तक चौथे विकेट के लिए 370 गेंदों में 251* रनों की साझेदारी हो चुकी है। बता दें, भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने इस फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम ने शुरुआत तो काफी अच्छी थी। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को बिना खाता खोले ही वापस पवेलियन भेज दिया।

डेविड वॉर्नर को शुरुआत तो काफी अच्छी मिली लेकिन वो इस मैच में 60 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 43 रन ही बना पाए। मार्नस लाबुशेन को मोहम्मद शमी ने अपना शिकार बनाया। मार्नस लाबुशेन इस मैच की पहली पारी में 62 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 26 रन पर आउट हो गए। 76 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने टीम को संभाला और अभी तक 251* रनों की साझेदारी कर ली है।

भारतीय टीम दूसरे दिन जबरदस्त वापसी करने को देखेंगे

भारत की ओर से पहले दिन का खेल खत्म होने तक मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर ने 1-1 विकेट हासिल किए हैं। स्टीव स्मिथ ने अभी तक काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और ट्रेविस हेड का बखूबी साथ निभाया है। हालांकि अब दूसरे दिन भारतीय टीम जबरदस्त वापसी करने को देखेंगे।

ऑस्ट्रेलिया की बात की जाए तो दूसरे दिन वो तेजी से रन बनाने को देखेंगे ताकि टीम भारत के ऊपर दबाव बना सके। ऑस्ट्रेलिया विशालकाय स्कोर की ओर बढ़ रही है और भारतीय गेंदबाज को उन्हें जल्द से जल्द आउट करना होगा। अब देखना यह होता है कि दूसरे दिन कौनसी टीम किसके ऊपर दबाव बना पाती है। फिलहाल पहला दिन पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा है और भारतीय गेंदबाज उनके ऊपर दबाव बनाने में नाकाम रहे हैं।

close whatsapp