Cricket World News: क्रिकेट की दुनिया से आज की इवनिंग न्यूज हेडलाइंस (स्पोर्ट्स न्यूज)

जून 9- Evening न्यूज हेडलाइंस: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

क्रिकेट की दुनिया में 9 जून 2023 को घटित इन 10 खबरों के बारे में जानें विस्तार से।

KS Bharat Virat Kohli Sri Lanka Team (Photo Source: Twitter)
KS Bharat Virat Kohli Sri Lanka Team (Photo Source: Twitter)

1. ऋषभ पंत को अभी भी भरोसा है टीम इंडिया पर

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में टीम इंडिया इस वक्त मुसीबतों से घिरी हुई नजर आ रही है। टीम ने दूसरे दिन के अंत तक 151 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए थे। तीसरे दिन की शुरूआत में ही केएस भरत 5 रन पर विकेट गंवा बैठे। लेकिन युवा खिलाड़ी ऋषभ पंत को अभी भी टीम इंडिया पर भरोसा है। ऋषभ पंत  हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा कर टीम इंडिया का हौसला बढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। (यहां पढ़िए पूरी खबर)

2. सस्ते में पवेलियन लौटे केएस भरत, फैंस को आई इशान किशन की याद

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दूसरे दिन के अंत में केएस भरत (5 रन) पर नाबाद क्रीज पर मौजूद थे। लेकिन तीसरे दिन का खेल शुरू होते ही केएस भरत (5 रन) पर स्कॉट बोलैंड के हाथों विकेट गंवा बैठे। जिसके बाद फैंस सोशल मीडिया पर भरत को जमकर ट्रोल करते हुए नजर आ रहे हैं। (यहां पढ़िए पूरी खबर)

3. वनडे वर्ल्ड कप 2023 क्वालीफायर मुकाबलों के लिए श्रीलंका ने की टीम की घोषणा

वनडे वर्ल्ड कप 2023 का हिस्सा बनने के लिए जिम्बाब्वे में क्वालीफायर मुकाबले खेले जाएंगे। जिसके लिए श्रीलंकाई टीम ने 15 सदस्सीय टीम की घोषणा कर दी है। दसुन शनाका टीम की कप्तानी करेंगे वहीं कुसल मेंडिस उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। वर्ल्ड कप 2023 क्वालीफायर के लिए श्रीलंका का स्क्वॉड- दसुन शनाका, कुसल मेंडिस, दिमुथ करूणारत्ने, पाथुम निसंका, चरिथ असलंका, धनंजय डि सिल्वा, सदर समरविक्रमा, वानिंदु हसरंगा, चमिका करूणारत्ने, दुष्मांथा चमीरा, कसुन रजिथा, लाहिरू कुमारा, महिश तीक्षणा, मथीशा पथिराना, दुसन हेमंता।

4. सिराज से स्टीव स्मिथ ने सोशल मीडिया पर लिया पंगा

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की पहली पारी में मोहम्मद सिराज और स्टीव स्मिथ दोनों का प्रदर्शन शानदार रहा है। मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट अपने नाम किया। वहीं स्टीव स्मिथ ने 121 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरे दिन के खेल के दौरान सिराज और स्मिथ के बीच मैदान में तनातनी भी हो गई थी। दूसरे दिन के खेल के बाद स्टीव स्मिथ ने सिराज को चिढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)

5. उस्मान ख्वाजा को लेकर जस्टिन लैंगर ने दिया बेतुका बयान

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में उस्मान ख्वाजा मोहम्मद सिराज के हाथों डक पर पवेलियन लौट गए थे। ऑस्ट्रेलिया ने महज 76 रनों पर 3 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन फिर टीम ने स्टीव स्मिथ और ट्रैविस हेड के शतकीय पारी के बल पर 469 रन बोर्ड पर लगा दिए। उस्मान ख्वाजा के विकेट को लेकर क्रिकेट कमेंटटेटर जस्टिन लैंगर ने कमेंट्री करते हुए कहा कि उस्मान ख्वाजा का लंबे बाजू वाला स्वेटर उनके विकेट का कारण है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)

6. बल्ले से फ्लॉप होने के बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर किया ऐसा पोस्ट

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली आईपीएल के 16वें सीजन में शानदार फॉर्म में नजर आए। जिसके चलते वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी उनसे टीम इंडिया और फैंस को काफी ज्यादा उम्मीदें थी। लेकिन विराट कोहली 14 रन पर मिचेल स्टार्क के हाथों विकेट गंवा बैठे। फ्लॉप प्रदर्शन के बाद विराट कोहली ने अपने इंस्टाग्राम पर एक मैसेज साझा किया है, जिसमें लिखा है, आपको दूसरों की राय की कैद से खुद को आजाद करने के लिए आपको लोगों द्वारा पसंद नहीं किए जाने की क्षमता विकसित करना ही चाहिए। (यहां पढ़िए पूरी खबर)

7. बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में खुद को साबित करना चाहते हैं करीम जनत

अफगानिस्तान के ऑलराउंडर करीम जनत इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। जिसके चलते उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में जगह मिली है। इस बीच अफगानिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने के सपने पूरे होने पर करीम जनत ने खुशी जाहिर की है। करीम जनत ने कहा, मुझे दोबारा टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किए जाने पर मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। मुझे वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2019 में टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन मुझे खेल खेलने का मौका नहीं मिला। (यहां पढ़िए पूरी खबर)

8. बेटे जोरावर से जल्द मिलेंगे शिखर धवन

शिखर धवन और उनकी पत्नी आयशा मुखर्जी का तलाक हो चुका है। इस वक्त कोर्ट में उनके बेटे जोरावर की कस्टडी का केस चल रहा है। जिस पर पटियाला हाई कोर्ट ने सुनवाई करते हुए कहा है, अकेले मां पर बच्चे का हक नहीं है। पटियाला कोर्ट ने आयशा मुखर्जी को आदेश दिया है कि वह जोरावर को 28 जून से पहले भारत लाएं। आपको बता दें आयशा को जोरावर को उसके पिता और परिवार से मिलाने में आपत्ति है, जिस पर दिल्ली के फैमिली कोर्ट ने नाराजगी जताई है। धवन का परिवार अगस्त 2020 के बाद से बच्चे से नहीं मिला है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)

9. अश्विन को प्लेइंग 11 से ड्रॉप करने पर सौरव गांगुली ने राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा को सुनाई खरी-खोटी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल प्लेइंग 11 में टीम इंडिया 4 तेज गेंदबाज और एकमात्र स्पिनर रवींद्र जडेजा के साथ मैदान में उतरी है। नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग 11 से ड्रॉप कर दिया है। जिसे लेकर खूब चर्चा हो रही है। अब इस पर पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपनी राय देते हुए कहा, कौन कहता है कि ऑफ स्पिनर हरी पिच पर नहीं खेल सकते? टेस्ट क्रिकेट में नाथन लियोन के नाम 400 से ज्यादा विकेट हैं और इस समय उन्होंने भारत के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज (रवींद्र जडेजा) को आउट किया।

10. हॉटस्टार पर फ्री में होगा एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप का प्रसारण

एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए फैंस के बीच उत्साह चरम सीमा पर है। इन टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान एक साथ खेलते हुए नजर आएंगे। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हॉटस्टार ने फैंस को बड़ी खुशखबरी दे दी है। दरअसल डिजनी प्लस हॉटस्टार ने टूर्नामेंट को मोबाइल फोन यूजर्स के लिए फ्री में प्रसारण करने का फैसला लिया है।

close whatsapp