WI v IND: यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने ठोका शतक, पहले टेस्ट में भारत की पकड़ मजबूत - क्रिकट्रैकर हिंदी

WI v IND: यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने ठोका शतक, पहले टेस्ट में भारत की पकड़ मजबूत

पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया की तरफ से रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने जड़ा शतक।

Yashasvi Jaiswal & Rohit Sharma (Photo Source: Getty Images)
Yashasvi Jaiswal & Rohit Sharma (Photo Source: Getty Images)

वेस्टइंडीज और भारत के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला डोमिनिका में खेला जा रहा है। टेस्ट मैच में दो दिनों का खेल समाप्त हो चुका है और यहां फिलहाल टीम इंडिया का पलड़ा भारी लग रहा है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत इस मुकाबले में 162 रनों से आगे है। अब ऐसे में जब तीसरे दिन का खेल शुरू होगा तब टीम इंडिया की नजरें इस बढ़त को और बड़ी करने पर होगी। आपको बता दें कि पहले दिन टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी विंडीज की टीम 150 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।

पहले सत्र में संभलकर खेले भारतीय बल्लेबाज

भारतीय टीम ने पहले दिन के स्कोर 80/0 से आगे खेलना शुरू किया और दोनों ही बल्लेबाजी ने संभलकर रन बनाए। इस सत्र में भारत ने 32 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 66 रन जोड़े। युवा यशस्वी जायसवाल ने डेब्यू टेस्ट में ही अर्धशतक लगाया, वहीं कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपना 15वां टेस्ट अर्धशतक लगाया। पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हुई। लंच ब्रेक तक रोहित शर्मा 68 और यशस्वी जायसवाल 62 रन बनाकर नाबाद थे।

दूसरे सत्र में टीम इंडिया के दोनों ओपनर्स ने पूरा किया शतक

लंच के तुरंत बाद भारतीय टीम ने पहली पारी में बढ़त हासिल की और फिर रोहित शर्मा एवं यशस्वी जायसवाल ने टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। यशस्वी जायसवाल ने डेब्यू टेस्ट में शतक पूरा किया और ऐसा करने वाले 17वें भारतीय बल्लेबाज बने। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपना 10वां और वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरा टेस्ट शतक लगाया। हालांकि शतक के तुंरत बाद 229 के स्कोर पर रोहित शर्मा 103 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शुभमन गिल भी फ्लॉप रहे और 6 रन बनाकर आउट हो गए। चाय ब्रेक तक यशस्वी जायसवाल 116 और विराट कोहली 4 रन बनाकर नाबाद थे।

तीसरे सत्र में भारत ने नहीं गंवाया कोई विकेट

दिन के पहले सत्र की तरह तीसरे सत्र में भारत ने काफी धीमी बल्लेबाजी की। भारतीय टीम ने इस सत्र में 32 ओवर बल्लेबाजी की और बिना कोई विकेट गंवाए सिर्फ 67 रन बनाए। स्टंप्स से पहले टीम इंडिया ने 300 का आंकड़ा भी पार किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक यशस्वी जायसवाल 143 एवं विराट कोहली 36 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। भारतीय टीम की बढ़त 162 रनों की हो गई है और ऐसे में तीसरे दिन उनकी नज़रें 300 रनों से ज्यादा की बढ़त पर होगी।

दूसरे दिन के खेल के दौरान सोशल मीडिया पर फैंस ने दिए कुछ ऐसे रिएक्शन

https://twitter.com/AmanKayamHai_/status/1679681921645948929?s=20

close whatsapp