WI vs IND: जिस तरीके से यशस्वी जायसवाल ने बल्लेबाजी की वो सच में सराहनीय थी: पारस म्हाम्ब्रे - क्रिकट्रैकर हिंदी

WI vs IND: जिस तरीके से यशस्वी जायसवाल ने बल्लेबाजी की वो सच में सराहनीय थी: पारस म्हाम्ब्रे

डोमिनिका में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को एक पारी और 141 रनों से करारी शिकस्त दी।

Yashasvi Jaiswal
Yashasvi Jaiswal

डोमिनिका में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को एक पारी और 141 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जबरदस्त मुकाबले में भारत की ओर से युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 387 गेंदों में 16 चौके और एक छक्के की मदद से 171 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने यशस्वी जायसवाल की इस पारी की जमकर प्रशंसा की है। पारस म्हाम्ब्रे के मुताबिक यशस्वी जायसवाल अपनी टीम की उम्मीदों पर खड़े उतरे और उन्होंने मुकाबले में अहम भूमिका निभाई। पारस म्हाम्ब्रे की मानें तो जिस तरीके का प्रदर्शन युवा खिलाड़ी ने पहले टेस्ट में किया है और इंडियन प्रीमियर लीग में भी उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है इसको देखकर आगे आने वाले मुकाबलों में उनका आत्मविश्वास काफी ऊपर होगा।

मुकाबला खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पारस म्हाम्ब्रे ने कहा कि, ‘जिस तरीके से यशस्वी ने बल्लेबाजी की वो सच में काफी सराहनीय थी। एक डेब्यू करने वाले खिलाड़ी के लिए ऐसे विकेट पर खेलना आसान नहीं होता है। यह सच में काफी धीमा विकेट था और जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता रहा विकेट और धीमा होता चला गया। बल्लेबाज के लिए शॉट खेलना इतना आसान नहीं था। वो ऐसे खिलाड़ी हैं जो खेल को अपने तरीके से आगे ले जाना चाहते हैं और उन्होंने इस मैच में भी कुछ वैसा ही प्रदर्शन किया।’

रविचंद्रन अश्विन ने झटके कुल 12 विकेट

यशस्वी जायसवाल के अलावा इस मुकाबले में भारत की ओर से अनुभवी ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी टीम की ओर से दोनों पारियों को मिलाकर कुल 12 विकेट झटके। पहली पारी में उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए जबकि दूसरी पारी में अश्विन ने 21.3 ओवर में 71 रन देकर 7 विकेट हासिल किए। उन्होंने वेस्टइंडीज के किसी भी बल्लेबाज को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया।

दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत 20 जुलाई से हो रही है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज और 5 मुकाबलों की टी-20 सीरीज भी खेली जाएगी। तमाम लोग यही दुआ कर रहे होंगे कि यशस्वी जायसवाल दूसरे मुकाबले में भी अच्छी बल्लेबाजी करें।

close whatsapp