World Cup 2023: आईसीसी की टीम जल्द पहुंच रही है ईडन गार्डन; वेलकम के लिए तैयार है CAB
CAB आईसीसी की टीम की मेजबानी के लिए तैयार है और उन्होंने पहले ही सारी तैयारियां कर ली है।
अद्यतन - Aug 4, 2023 2:08 pm

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के प्रतिनिधि आगामी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के लिए प्रतिष्ठित ईडन गार्डन की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जांच करने के लिए 5 अगस्त को कोलकाता पहुंच रहे हैं।
हालांकि, यह केवल एक रूटीन निरीक्षण है, क्योंकि ईडन गार्डन आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के कई बड़े मैचों की मेजबानी करेगा। आपको बता दें, आईसीसी के प्रतिनिधि पहले ही धर्मशाला का दौरा कर चुके हैं, और अब कोलकाता आने वाले हैं। कोलकाता 5 नवंबर को भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका वर्ल्ड कप 2023 मैच की मेजबानी करेगा और साथ ही मेगा इवेंट के दूसरे सेमीफाइनल की भी मेजबानी करेगा।
ईडन गार्डन में एक नया हॉस्पिटैलिटी बॉक्स तैयार किया गया है
इसके अलावा, प्रतिष्ठित ईडन गार्डन आगामी में वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान और बांग्लादेश के मैचों की भी मेजबानी करेगा। आपको बता दें, बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) ने पहले ही ईडन गार्डन में एक नया हॉस्पिटैलिटी बॉक्स तैयार कर लिया है, और अब क्लब हाउस को भी नया रूप दिया जा रहा है, क्योंकि इस स्टेडियम में हर वर्ल्ड कप 2023 मैच में 60,000 से अधिक प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद है।
अगर भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचती हैं, तो ईडन गार्डन दूसरे सेमीफाइनल की भी मेजबानी करेगा। इस बीच, बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली और उनकी स्टेट टीम आईसीसी की टीम की मेजबानी के लिए तैयार है और उन्होंने पहले ही सारी तैयारियां कर ली है।
हम भव्य मेजबानी के लिए बेहद कॉंफिडेंट हैं: स्नेहाशीष गांगुली
CAB अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा: “हम हर चुनौती के लिए तैयार हैं, और अगर यहां भारत बनाम पाकिस्तान मैच होगा, तो ये हमारे लिए अच्छा होगा। भारत बनाम पाकिस्तान मैच की मेजबानी से अधिक रोमांचक कुछ भी नहीं है। हम वर्ल्ड कप 2023 के मैचों की मेजबानी के लिए तैयार हैं।
आईसीसी हमारे ईडन गार्डन का निरीक्षण करने के लिए आ रही है। अभी और काम चल रहा है। हमने पुलिस से भी बात कर ली है, और वे हर वक्त सुरक्षा देने के लिए भी तैयार हैं। हम भव्य मेजबानी के लिए बेहद कॉंफिडेंट हैं।”