दूसरे T20 में मिली हार के बाद टीम इंडिया पर फूटा वेंकटेश प्रसाद का गुस्सा, कहा- मुकाबला नहीं जीतने का सबसे बड़ा कारण है…
वेंकटेश प्रसाद का कहना है कि आईपीएल शुरू होने के बाद से भारतीय टीम एक बार भी टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीती है।
अद्यतन - Aug 7, 2023 7:29 pm

भारत और वेस्टइंडीज (IND vs WI) के बीच बीते रविवार को खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। पहले टी-20 मुकाबले में भी भारत को हार का सामना करना पड़ा था। लगातार भारतीय टीम को मिली दूसरी हार पर कई दिग्गज खिलाड़ियों ने टीम की कड़ी आलोचना की है। इस लिस्ट में भारत के पूर्व खिलाड़ी वेंकटेश प्रसाद का भी नाम शामिल है।
वेंकटेश प्रसाद का कहना है कि आईपीएल शुरू होने के बाद से भारतीय टीम एक भी टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीती है। इससे पता चलता है कि टीम इंडिया के अंदर जीतने की भूख खत्म हो गई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ट्वीट करते हुए लिखा कि, ये बहुत ही साधारण प्रदर्शन रहा है। बता दें कि 2007 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से ही आईपीएल (IPL) शुरू हुआ।
आईपीएल के बाद से हम 7 बार में एक बार भी टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीत सकें- वेंकटेश प्रसाद
वेंकटेश प्रसाद ने आगे लिखा कि, उसके बाद से हम 7 बार में एक बार भी टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीत सकें। हम सिर्फ एक बार जरूर फाइनल में पहुंचे, लेकिन टाइटल नहीं जीत सके। टीम इंडिया के अंदर जीत के लिए उस जज्बे और भूख की कमी दिखती है। गुयाना में भारत की हार को ध्यान में रखते हुए युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) को अपने ओवर का कोटा पूरा नहीं करते देख वेंकटेश प्रसाद ने निराशा जताई।
दरअसल, लेग स्पिनर चहल ने 16वें ओवर में दो विकेट चटकाए, शिमरोन हेटमायर को 22 रन पर और जेसन होल्डर को शून्य पर युजी ने आउट किया, लेकिन जैसे ही वेस्टइंडीज को अंतिम 2 ओवर में 12 रन चाहिए थे, हार्दिक (Hardik Pandya) ने गेंद मुकेश कुमार (Mukesh Kumar) को थमा दी, जिन्होंने 5 गेंदों में एक छक्का और एक चौका वेस्टइंडीज को दे डाला।
वेंकटेश प्रसाद ने लिखा कि, कल युजी ने 16वें ओवर में 2 विकेट लिए और अपने तीसरे ओवर में भारत को खेल में वापस ला दिया और वेस्टइंडीज 8वां विकेट गंवा चुका था, लेकिन उन्होंने दोबारा गेंदबाजी नहीं की और वेस्टइंडीज के लिए नंबर 9 और नंबर 10 के बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाजों को आसानी से खेला। इन पलों में आपको सिर्फ किताबी ज्ञान की बातें करने से ज्यादा होशियारी दिखानी चाहिए। बता दें कि इस जीत के साथ ही कैरिबियाई टीम ने 2-0 की बढ़त बना ली है। इससे अब ये सीरीज भारत के लिए करो या मरो जैसा हो गया है।