‘शुभमन गिल इस वर्ल्ड कप में बनाएंगे सबसे अधिक रन’- 2011 वर्ल्ड कप विनिंग प्लेयर की हैरान करने वाली भविष्यवाणी
साल 2023 में वनडे फॉर्मेट में शुभमन गिल ने जमकर बनाए हैं रन।
अद्यतन - अक्टूबर 8, 2023 2:52 अपराह्न

आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। इस मैच से पहले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने युवा बल्लेबाजी सनसनी शुभमन गिल को लेकर बड़ा बयान दिया है। पूर्व भारतीय गेंदबाज ने गिल को वर्ल्ड कप के इस संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी बताया है।
भारत के सलामी बल्लेबाज के लिए यह साल (2023) शानदार रहा है। खासकर वनडे फॉर्मेट में उन्होंने खूब रन बनाए हैं। उन्होंने केवल 20 मैचों में 72.35 के अविश्वसनीय औसत और 105.03 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 1,230 रन बनाए हैं। इस शानदार साल में उन्होंने वनडे फॉर्मेट में छह शतक लगाए हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
इंडिया टुडे से बात करते हुए जहीर खान ने कहा कि, “ठीक है, इस साल उनके रिकॉर्ड को देखें। साल 2023 उनके लिए शानदार रहा है। वह सभी प्रारूपों में शतक, दोहरे शतक बना रहा है। बहुत सुसंगत। मैंने वास्तव में यह मान रहा हूं कि वह इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज होंगे।”
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच से बाहर हुए शुभमन गिल
हालांकि, डेंगू बुखार के कारण शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच से बाहर हो गए हैं। हालांकि भारतीय कोच राहुल द्रविड़ ने बताया था कि 24 वर्षीय शुभमन अब बेहतर महसूस कर रहे हैं और मेडिकल टीम ने उन्हें अभी तक खेल से बाहर नहीं किया है। लेकिन मैच शुरू होने से ठीक पहले उन्हें इस मुकाबले से बाहर कर ईशान किशन को मौका दिया गया।
अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैच में रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे। किशन की बात करें तो उन्होंने इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में पारी की शुरुआत करते हुए शानदार दोहरा शतक लगाया था। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले दौरे पर उन्होंने वनडे सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक लगाए थे उसके बाद उन्होंने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भी अच्छी पारी खेली थी।
यह भी पढ़ें: कुछ ऐसा होता है वर्ल्ड कप मैचों के दौरान टीमों का ड्रेसिंग रूम