महत्वपूर्ण स्थिति में बड़ा शॉट खेलना डैरिल मिचेल को पड़ गया भारी, अफगानिस्तान के खिलाफ सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए न्यूजीलैंड बल्लेबाज
डैरिल मिचेल का विकेट अनुभवी स्पिनर राशिद खान ने अपने नाम किया।
अद्यतन - अक्टूबर 18, 2023 4:07 अपराह्न

इस समय आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 16वां मुकाबला अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे हैं इस मैच में डेवॉन कॉनवे न्यूजीलैंड की ओर से बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 18 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट मुजीब उर रहमान ने झटका। हालांकि पहला विकेट जल्द करने के बाद न्यूजीलैंड की ओर से विल यंग और रचिन रवींद्र ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 69 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हालांकि इसके बाद रचिन रवींद्र और विल यंग दोनों आउट हो गए।
न्यूजीलैंड फैंस को डैरिल मिचेल से इस मैच में बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वो भी 7 गेंदों में मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट अनुभवी स्पिनर राशिद खान ने अपने नाम किया। इसी के साथ न्यूजीलैंड टीम ने मात्र 10 गेंदों में अपने 3 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। मुकाबले का 22वां ओवर लेकर आए राशिद खान ने डैरिल मिचेल को एक छोटी गेंद फेंकी जिस पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने बड़ा शॉट खेलना चाहा। हालांकि, गेंद उनके बल्ले से ठीक तरह से नहीं लगी और मिचेल इस मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
फिलहाल न्यूजीलैंड काफी खराब स्थिति में है और अगर उन्हें यहां से इस मैच को जीतना है तो अच्छी साझेदारी करनी बेहद जरूरी है।
अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया
यह शानदार मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां स्पिनर्स के लिए काफी मदद है। अभी तक न्यूजीलैंड ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में 3 मैच खेले हैं और तीनों में उन्होंने जीत दर्ज की है। वहीं अफगानिस्तान ने अभी तक तीन मुकाबलों में एक में जीत दर्ज किया जबकि दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
यह मैच दोनों ही टीमें अपने नाम करना चाहेगी। अंक तालिका की बात की जाए तो न्यूजीलैंड इस समय दूसरे स्थान पर है जबकि अफगानिस्तान 6वें स्थान पर। फिलहाल देखना यह होगा कि यह मैच कौनसी टीम अपने नाम करती है? न्यूजीलैंड को अगर अफगानिस्तान के खिलाफ मैच जीतना है तो उन्हें बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है।